देश

आंध्र प्रदेश के आदिवासी कल्याण स्कूल में 'इडली' खाकर 74 छात्र पड़े बीमार, हरकत में आई सरकार; जांच के निर्देश

आंध्र प्रदेश के पोलावरम जिले से स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ाने वाली खबर सामने आई है। देवरापल्ली स्थित सरकारी आदिवासी कल्याण विद्यालय में नाश्ता करने के बाद बड़ी संख्या में छात्र अचानक बीमार पड़ गए। इडली और चटनी खाने के बाद बच्चों को उल्टी और पेट दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया।

Image

आंध्र प्रदेश में स्कूल में नाश्ता खाने के बाद छात्र बीमार पड़े (प्रतीकात्मक फोटो)

Andhra Pradesh News: आंध्र प्रदेश से एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां पोलावरम जिले के देवरापल्ली स्थित सरकारी आदिवासी कल्याण विद्यालय में रविवार को नाश्ते में परोसी गई इडली और चटनी खाने के बाद 74 छात्र-छात्राएं बीमार हो गए। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, विद्यालय में कुल 255 विद्यार्थियों ने नाश्ता किया था, जिसके बाद कई बच्चों को उल्टी और पेट में दर्द की शिकायत हुई। इस घटना के बाद विद्यालय और प्रशासन में हड़कंप मच गया।

फूड पॉइजनिंग का मामला

रम्पाचोड़वरम के उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) साई प्रशांत ने बताया कि 18 छात्रों को मरदुमिली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में भर्ती कराया गया, जबकि अन्य को रम्पाचोड़वरम क्षेत्रीय अस्पताल ले जाया गया। बताया गया कि , सभी प्रभावित छात्रों में हल्के स्तर का फूड पॉइजनिंग पाया गया है और किसी की हालत गंभीर नहीं है। ऐसे में, सभी छात्र फिलहाल स्थिर बताए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने लिया एक्शन

इसी बीच, घटना की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा की और रम्पाचोड़वरम क्षेत्रीय अस्पताल में इलाज करा रहे छात्रों की निरंतर निगरानी के निर्देश दिए। जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने जिला कलेक्टर को घटना पर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने को कहा और लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आदेश दिया है।

फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे नाश्ते के सैंपल

जानकारी के मुताबिक, खाद्य सुरक्षा और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने नाश्ते के सैंपल एकत्र कर उन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि भोजन में कोई मिलावट या संक्रमण था या नहीं। इस बीच, पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। उप पुलिस अधीक्षक डीएसपी साई प्रशांत का कहना है कि, बीमारी के सही कारणों का पता प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा, ऐसे में मामले की जांच जारी है।

(इनपुट - पीटीआई)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article