Narayanpur Encounter: छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में शुक्रवार को सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में छह नक्सलियों को मार गिराया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में छह नक्सलियों को मार गिराया। बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने बताया कि नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र में माओवादियों की मौजूदगी की जानकारी के आधार पर सुरक्षाबलों के संयुक्त दलों को नक्सल विरोधी अभियान पर भेजा गया था।
छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों को किया ढेर (फाइल फोटो)
गोला बारूद बरामद
सुंदरराज ने बताया कि अभियान के दौरान आज दोपहर से सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर मुठभेड़ चल रही है। उन्होंने बताया कि अब तक तलाशी अभियान के दौरान मुठभेड़ स्थल से छह नक्सलियों के शव, एके-47 और एसएलआर राइफल, कई अन्य हथियार, विस्फोटक सामग्री तथा दैनिक उपयोग की वस्तुएं बरामद की गई हैं।
पुलिस महानिरीक्षक ने बताया कि अभियान अभी जारी है, इसलिए इसमें शामिल जवानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अधिक जानकारी साझा नहीं की जा सकती। उन्होंने बताया कि अभियान पूरा होने के बाद इस संबंध में विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
22 नक्सलियों ने किया सरेंडर
इससे पहले 11 जुलाई को नारायणपुर जिले में 22 नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के समक्ष आत्मसमर्पण किया था। अधिकारियों ने बताया था कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में से कुछ पर कुल 37.50 लाख रुपये का ईनाम था। उन्होंने बताया था कि आत्मसमर्पण करने वाले 22 नक्सलियों में आठ महिला नक्सली भी शामिल हैं।
अधिकारियों ने बताया था कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में डिवीजनल कमेटी सदस्य मनकू कुंजाम उर्फ सुखलाल (33) पर आठ लाख रुपये, एरिया कमेटी सदस्य हिड़मे कुंजाम (28), मिलिशिया कमांडर पुन्ना लाल उर्फ बोटी (26) और सनीराम कोर्राम उर्फ धर्मू (25) पर पांच-पांच लाख रुपये का इनाम था। उन्होंने बताया था कि इसके अलावा आत्मसमर्पण करने वाले 11 नक्सलियों पर एक-एक लाख और सात नक्सलियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम था।
