Rahul Gandhi: कांग्रेस नेता वीडी सतीशन (V.D. Satheesan) ने तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में आज मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस कार्यक्रम में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी मौजूद थीं। शपथ ग्रहण समारोह के बाद एक ऐसी घटना घटी, जिसकी सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है।
बुजुर्ग महिला ने की राहुल गांधी से मुलाकात
वीडियो में देखा जा सकता है कि एक बुजुर्ग महिला बड़े उत्साह से राहुल गांधी से मिलने मंच पर पहुंचती हैं। खुशी-खुशी वो सीधे राहुल गांधी के पास पहुंचती हैं और उन्हें गले लगा लेती हैं। राहुल गांधी के पास खड़ी प्रियंका गांधी यह प्यारा दृश्य देखकर मुस्कुरा रही होती हैं। इसके बाद वो वी मलयालम भाषा में कुछ कहती हैं। डी सतीशन (Who is Kerala New CM) उनकी बातों को अंग्रेजी में ट्रांसलेट कर राहुल गांधी को कहते हैं। जब महिला वापस जा रही होती हैं तो राहुल गांधी उन्हें पानी का बोतल देते हैं।
कौन हैं ये बुजुर्ग महिला
केरल में 2018 में आई भयानक बाढ़ के दौरान अपने घर खोने वाले और राहत शिविरों में रहने को मजबूर लोगों की मदद करते समय वी डी सतीशन सबसे पहले बुज़ुर्ग महिला सीता लक्ष्मी अम्माल से मिले थे। अम्माल के लिए वो वक्त बहुत मुश्किल वाला था लेकिन सतीशन की मदद ने उनके मन में कुछ अच्छी यादें छोड़ दी।
अम्माल सोमवार को यहां सतीशन के शपथ ग्रहण समारोह में आये अतिथियों में शामिल थी। वह इस दौरान उस दौर में लौट गईं, जो उनके लिए मुश्किल भरा था। अम्माल के अनुसार, सतीशन उनके बेटे जैसे नहीं हैं, बल्कि उनके बेटे ही हैं और वह बस एक बार फिर से उनके करीब रहना चाहती थीं।
उनकी इच्छा पूरी हुई जब सतीशन आज उन्हें मंच पर ले गए। इससे पहले, अम्माल ने यहां सेंट्रल स्टेडियम में शपथ ग्रहण स्थल पर एक टीवी चैनल को बताया कि सतीशन उन्हें ’अम्मालू अम्मा’ कहते हैं और वह उनसे पहली बार 2018 की बाढ़ के दौरान परावुर में एक पुनर्वास शिविर में मिली थीं।
अम्माल ने कहा, ’’उन्होंने मुझसे कहा कि जब तक वह ज़िंदा हैं, चिंता नहीं करें। उन्होंने कहा कि सभी को कपड़े, खाना, पानी और दूसरी सुविधाएं दिलाई जाएंगी। सतीशन बेटे जैसे नहीं हैं, वह मेरे बेटे हैं। उनके लिए, मैं एक मां जैसी हूं।’’
उन्होंने कहा, ’’सतीशन के चुनाव प्रचार के दौरान, मैंने उनसे कहा था कि अगर वह भगवान में विश्वास करते हैं, तो उन्हें ताकत के साथ आगे बढ़ना चाहिए और वह मुख्यमंत्री बनेंगे।’’ उन्होंने मंच पर राहुल और सतीशन दोनों को गले लगाया और फिर वह मंच से नीचे उतरीं।
20 सदस्यीय मंत्रिमंडल के सदस्यों ने ली शपथ
20 सदस्यीय मंत्रिमंडल में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला, के मुरलीधरन, ए पी अनिल कुमार, और केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) प्रमुख सनी जोसेफ शामिल हैं। इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के वरिष्ठ नेता पी के कुन्हालीकुट्टी, रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी (आरएसपी) नेता शिबू बेबी जॉन, केरल कांग्रेस नेता मॉन्स जोसेफ, केरल कांग्रेस (जैकब) नेता अनूप जैकब, और कम्युनिस्ट मार्क्सवादी पार्टी (सीएमपी) नेता सी पी जॉन ने भी शपथ ली।
पीएम मोदी ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केरल के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने पर वी.डी. सतीशान को बधाई दी। पीएम मोदी ने ट्वीट किया- उनके कार्यकाल के लिए मेरी शुभकामनाएं। केंद्र सरकार नवगठित केरल सरकार को जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने में हर संभव सहयोग का आश्वासन देती है।
