CWC की बैठक छोड़ परीक्षा देने पहुंचे पूर्व CM चरणजीत सिंह चन्नी, बोले- पार्टी मीटिंग तो होती रहेगी, ये मौका साल में एक बार आता है

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी दिल्ली में आयोजित CWC की बैठक छोड़कर पंजाब यूनिवर्सिटी में एमए पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन का अंतिम पेपर देने पहुंचे। जानिए उन्होंने पढ़ाई और राहुल गांधी की मदद को लेकर क्या कहा।

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और जालंधर से कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी गुरुवार को एक अलग ही अंदाज में नजर आए। जहां दिल्ली में कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की महत्वपूर्ण बैठक चल रही थी, वहीं पूर्व CM चन्नी चंडीगढ़ स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी (PU) के परीक्षा केंद्र में एक आम छात्र की तरह बैठकर पर्चा हल करते दिखे। उन्होंने MA 'पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन' का 20वां और अंतिम पेपर दिया।

Charanjit Singh Channi Exam

Ex CM चन्नी ने दिया MA का पेपर

'रात 2 बजे तक पढ़ा, सुबह 5 बजे फिर उठा'

पंजाब यूनिवर्सिटी में परीक्षा देने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए चन्नी ने अपनी तैयारी के बारे में जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि मैं इस परीक्षा की तैयारी काफी समय से कर रहा था। जब भी मुझे राजनीति से फुर्सत मिलती, मैं पढ़ने बैठ जाता था। इस पेपर के लिए मैं रात 2 बजे तक पढ़ाई करता रहा और फिर सुबह 5 बजे उठकर दोबारा रिवीजन किया। दिल्ली जाते वक्त भी गाड़ी में मेरी पढ़ाई जारी रहती है। अपनी पढ़ाई के पुराने दिनों को याद करते हुए चन्नी ने खुलासा किया कि एक बार जब वह दिल्ली में थे और उनका पेपर चंडीगढ़ में था, तो कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने परीक्षा न छूटे इसलिए उन्हें अपना निजी विमान देकर चंडीगढ़ भेजा था।

End of Feed