देश

यूं कोई बेवफ़ा नहीं होता...BJP छोड़ने के बाद बोले राजकुमार वेरका, कहा- कांग्रेस में करूंगा घर वापसी

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Oct 13, 2023, 05:05 PM IST

राज कुमार वेरका कांग्रेस के उन कई नेताओं में शामिल हैं, जो पिछले साल भाजपा में शामिल हुए थे। इनमें सुनील जाखड़ का नाम भी शामिल हैं, जो वर्तमान में भाजपा की प्रदेश इकाई के प्रमुख हैं।

Image

बीजेपी नेता राज कुमार वेरका ने पार्टी से दिया इस्तीफा (फोटो- dr.rajkumar.verka)

पंजाब में बीजेपी को बड़ा झटका लगा है। मिशन 2024 की तैयारियों में जुटी बीजेपी के एक दलित नेता ने उसका साथ छोड़ दिया है। पंजाब बीजेपी के दलित चेहरा राज कुमार वेरका ने पार्टी से इस्तीफ देते हुए कहा कि वो कांग्रेस में शामिल होंगे। वेरका पहले कांग्रेस में ही थे, पिछले साल जून में वेरका ने कांग्रेस से इस्तीफा देकर बीजेपी ज्वाइन कर लिया था। लेकिन अब वो घर वापसी करना चाह रहे हैं।

पिछले साल हुए थे बीजेपी में शामिल

राज कुमार वेरका कांग्रेस के उन कई नेताओं में शामिल हैं, जो पिछले साल भाजपा में शामिल हुए थे। इनमें सुनील जाखड़ का नाम भी शामिल हैं, जो वर्तमान में भाजपा की प्रदेश इकाई के प्रमुख हैं। जाखड़ कांग्रेस के बड़े नेताओं में से एक थे। जाखड़ ने जुलाई में भाजपा के प्रदेश इकाई प्रमुख की जिम्मेदारी संभाली थी।

घर वापसी दिया करार

वेरका ने भाजपा से इस्तीफा देने की घोषणा करते हुए अमृतसर में मीडिया से कहा- "मैंने भाजपा छोड़ने का फैसला किया है। मैं पार्टी से इस्तीफा दे रहा हूं और अब दिल्ली जा रहा हूं तथा कांग्रेस में शामिल होऊंगा।" उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि यह उनकी घर वापसी है।

शायर बन दिया जवाब

भाजपा से इस्तीफा क्यों दिया, इस सवाल के जवाब में वेरका शायर बन गए। दलित नेता वेरका ने शायराना अंदाज में कहा- "कुछ तो मजबूरियां रही होंगी, यूं कोई बेवफ़ा नहीं होता। पूरा राष्ट्र देख रहा है कि देश को कांग्रेस पार्टी के हाथों में सुरक्षित रखा जा सकता है और यदि कोई पार्टी सभी वर्गों, सभी धर्मों को साथ लेकर चल सकती है तो यह कांग्रेस ही है।"

कांग्रेस से हो चुकी है बात!

यह पूछे जाने पर कि क्या उन्होंने राहुल गांधी की हालिया अमृतसर यात्रा के दौरान उनसे मुलाकात की थी। उन्होंने कहा- "मैं इस पर कुछ नहीं कहना चाहता, लेकिन मैं यह कहूंगा कि (कांग्रेस) आलाकमान के साथ कुछ बातचीत हुई थी।"

राज कुमार वेरका की राजनीतिक यात्रा

माझा क्षेत्र से एक प्रमुख दलित नेता वेरका तीन बार के विधायक हैं और कांग्रेस सरकार में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता और अल्पसंख्यक कार्य मंत्री थे। वेरका दो कार्यकाल के लिए राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के उपाध्यक्ष के रूप में सेवा दे चुके हैं।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article