देश

27 साल के बाद भारत के किसी राष्ट्रपति का होगा पुर्तगाल दौरा, दो देशों की दौरे पर जाएंगी द्रौपदी मुर्मू

लगभग 27 साल के बाद भारत के किसी राष्ट्रपति का पुर्तगाल दौरा है। इससे पहले 1998 में के आर नारायणन पुर्तगाल गए थे। द्रौपदी मुर्मू ऐसे समय पर जा रही हैं जब भारत और पुर्तगाल अपने कूटनीतिक संबंधों के 50 वर्ष पूरे कर रहे हैं।

Image

राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु चार दिन के विदेश दौरे पर सात अप्रैल को रवाना होंगी (फाइल फोटो)

Photo : PTI

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू चार दिन के विदेश दौरे पर सात अप्रैल को रवाना हो रही हैं। पहले दो दिन 7-8 अप्रैल वे पुर्तगाल और 9-10 अप्रैल को स्लोवाकिया में आधिकारिक अतिथि के रूप में रहेंगी। पुर्तगाल के राष्ट्रपति मार्सेलो रेबेलो डी सूसा के निमंत्रण पर वे पुर्तगाल जा रही हैं।

भारत और पुर्तगाल के संबंध

भारतीय विदेश मंत्रालय में पश्चिमी डेस्क के सचिन तन्मय लाल ने मीडिया को बताया कि लगभग 27 साल के बाद भारत के किसी राष्ट्रपति का पुर्तगाल दौरा है। इससे पहले 1998 में के आर नारायणन पुर्तगाल गए थे। द्रौपदी मुर्मू ऐसे समय पर जा रही हैं, जब भारत और पुर्तगाल अपने कूटनीतिक संबंधों के 50 वर्ष पूरे कर रहे हैं।

किन-किन मुद्दों पर होगी चर्चा

द्रौपदी मुर्मू पुर्तगाल के राष्ट्रपति के साथ उच्च प्रतिनिधी मंडल स्तर की बैठक करेंगी। इसके अलावा वे पुर्तगाल के प्रधानमंत्री और पार्लियामेंट के अध्यक्ष से भी मिलेंगी। तन्मय लाल ने बताया कि भारत और पुर्तगाल के संबंध एतिहासिक और पुराने हैं, अनेक क्षेत्रों में दोनों का आपसी सहयोग है। माना जा रहा है द्रौपदी मुर्मू की इस यात्रा से संबंध और मजबूत होंगे। राष्ट्रपति पुर्तगाल में रहने वाले आप्रवासी भारतीयों से भी मिलेंगी।

द्रौपदी मुर्मू जाएंगी स्लोवाकिया

तन्मय लाल ने बताया कि स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रीनी के निमंत्रण पर द्रौपदी मुर्मू 9 अप्रैल को स्लोवाकिया पहुंचेगी। जहां वे राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री दोनों के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगी। वे स्लोवाकिया की नेशनल काउंसिल के स्पीकर से मिलेंगी। लाल ने बताया कि दोनों देश यूरोपीय संघ के सदस्य हैं। हाल ही में यूरोपीय संघ का उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल हाल ही में भारत दौरे पर आया था। भारत के साथ ईयू वैसे तो सामूहिक रूप से हर महत्वपूर्ण क्षेत्र में समझौते कर चुका है, लेकिन यूनियन के देश व्यक्तिगत स्तर पर भी भारत के साथ आपसी हितों से जुड़े समझौते कर रहे हैं ।

Sunita  Arya Jha
सुनीता आर्या झाauthor

खबरों की दुनिया में गोताखोरी करना पसंद है मुझे। सियासत की खबरों और विदेश महकमे से जुड़ी खबरों को खंगालने के साथ गायिकी का भी शौक रखती हूं। हर पल कुछ नया करने को सोचती हूं। खबरों के अंदर भी और खबरों से बाहर भी।

और पढ़ें
End of Article