Mamata Banerjee Rally: पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को तृणमूल कांग्रेस छात्र संगठन की रैली में दावा किया कि मेरे कार्यकाल में पुलिस का मानवीय चेहरा था, भाजपा ने उन्हें 'राक्षस' बना दिया।
तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी (फाइल फोटो)
कोलकाता में ममता बनर्जी ने रक्षाबंधन को मौके पर वादा किया कि वह तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों पर पुलिस का अत्याचार रोकेंगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा बंगाल में बांटने वाली राजनीति कर रही है और डर फैलाने के लिए पुलिस का इस्तेमाल हो रहा है।
भाजपा पर बरसीं ममता बनर्जी
तृणमूल प्रमुख ने कहा कि वह जल्द ही पूरे राज्य का दौरा शुरू करेंगी और अगर उन्हें सार्वजनिक सभाएं करने की अनुमति नहीं दी गई, तो वह सड़कों पर पैदल चलेंगी।
राज्य के अलग-अलग हिस्सों में पार्टी नेताओं पर कथित हमलों को लेकर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, "मैं देखूंगी कि उनके पास कितने अंडे और ईंटें जमा हैं।"
'सभा के लिए जनता की लेंगे अनुमति'
ममता बनर्जी ने कहा कि जब भी प्रशासन उनकी रैलियों को अनुमति देने से इनकार करता है, तो वह हर बार अनुमति लेने के लिए अदालत का समय बर्बाद नहीं करना चाहतीं। उन्होंने कहा, "अब से हम जिन जगहों पर सभाएं करना चाहते हैं, वहां सभा करने के लिए जनता की अनुमति लेंगे।"
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के बाद 'आरक्षण हटाओ आंदोलन' के प्रतिनिधियों से मिले नड्डा, बोले- हम जल्द ही फिर मिलेंगे
पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा ने निर्वाचन आयोग का इस्तेमाल करके पिछले विधानसभा चुनावों को "हाइजैक" कर लिया था। ममता बनर्जी ने दावा किया, "उन्होंने मतदाता सूची से लाखों नाम अवैध तरीके से हटाकर वोट लूटने के लिए एसआईआर का इस्तेमाल किया।"
'रेहड़ी-पटरी वालों को मुआवजा दें सरकार'
ममता बनर्जी ने राज्य में जारी बेदखली अभियानों को लेकर मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, "मुझे फुटपाथों से रेहड़ी-पटरी वालों को हटाने पर कोई आपत्ति नहीं है, बशर्ते उनका उचित तरीके से पुनर्वास किया जाए। अगर आप उनका पुनर्वास नहीं कर सकते, तो उन्हें हर महीने 25,000 रुपये का मुआवजा दें।"
