देश

हिमाचल प्रदेश-पंजाब में बाढ़ प्रभावित इलाकों का आज दौरा करेंगे PM मोदी, अधिकारियों के साथ करेंगे समीक्षा बैठक

पीएम मोदी पंजाब में भी बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। वह गुरदासपुर जाकर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चर्चा करेंगे और जमीनी हालात के सिलसिले में एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। वह गुरदासपुर में बाढ़ प्रभावित लोगों के साथ-साथ एनडीआरएफ, एसडीआरएफ व आपदा मित्र टीम से भी बातचीत करेंगे।

Image

पंजाब में बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगे पीएम मोदी। तस्वीर-PTI

Photo : PTI

PM Modi Punjab Visit: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को हिमाचल प्रदेश और पंजाब जाकर बाढ़ की स्थिति की समीक्षा करेंगे। अधिकारियों ने बताया कि वह हिमाचल प्रदेश में बाढ़ और भूस्खलन प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। मोदी हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जाकर अधिकारियों से मुलाकात करेंगे और स्थिति पर एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। प्रधानमंत्री कांगड़ा में बाढ़ प्रभावित लोगों और एनडीआरएफ, एसडीआरएफ व आपदा मित्र टीम से भी मुलाकात करेंगे।

बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे

मोदी पंजाब में भी बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। वह गुरदासपुर जाकर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चर्चा करेंगे और जमीनी हालात के सिलसिले में एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। वह गुरदासपुर में बाढ़ प्रभावित लोगों के साथ-साथ एनडीआरएफ, एसडीआरएफ व आपदा मित्र टीम से भी बातचीत करेंगे। प्रधानमंत्री की इस यात्रा का उद्देश्य इस कठिन समय में दोनों राज्यों के लोगों की सहायता के लिए राहत और पुनर्वास प्रयासों की बारीकी से निगरानी करना है।

मृतकों की संख्या बढ़कर 51 हुई

पंजाब में विनाशकारी बाढ़ के कारण पिछले 24 घंटे में तीन और लोगों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 51 हो गई, जबकि 1.84 लाख हेक्टेयर में फैली फसलों को नुकसान हुआ है। पंजाब मंत्रिमंडल ने सोमवार को राज्य में बाढ़ से फसलों को हुए नुकसान के लिए 20,000 रुपये प्रति एकड़ का मुआवजा देने का फैसला किया। मंत्रिमंडल ने 'जिसदा खेत, उसकी रेत' नामक योजना को भी मंजूरी दी, जिसके तहत किसानों को बाढ़ के बाद अपने खेतों में जमा रेत निकालने और बेचने की अनुमति होगी।

कई जगहों पर जल स्तर घटने लगा

इस बीच, अधिकारियों ने बताया कि कई गांवों में बाढ़ के कारण उत्पन्न हुई स्थिति में सुधार हुआ है और जल स्तर घटने लगा है। ब्यास नदी पर बने पोंग बांध का जल स्तर सोमवार शाम 1,390.74 फुट दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले 1,392.20 फुट था। अधिकारियों ने बताया कि बांध में जल का प्रवाह रविवार के 36,968 क्यूसेक से घटकर 34,580 क्यूसेक रह गया, जबकि रविवार शाम को बहिर्वाह 90,000 क्यूसेक से घटकर 76,008 क्यूसेक रह गया। भाखड़ा बांध में सोमवार को जलस्तर 1,677.2 फुट दर्ज किया गया, जबकि रविवार को यह 1,677.98 फुट था।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article