देश

विपक्ष की बैठक पर PM का तीखा हमला, राहुल-सोनिया का नाम लिए बोले-जो बेल पर हैं उनका खूब हो रहा सम्मान

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated Jul 18, 2023, 12:10 PM IST

Narendra Modi : पीएम ने कहा, 'विपक्ष की दुकान भ्रष्टाचार की गारंटी है। इन्होंने परिवारवाद को बढ़ावा दिया और अपने स्वार्थ की राजनीति के लिए विकास का काम रोका। वे जातिवाद का जहर बेच रहे हैं लेकिन जनता ने 2024 के लिए मन बना लिया है। पीएम ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा, 'विपक्ष की इस बैठक को देश के लोग देख रहे हैं।'

Image

वीर सावरकर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के नवनिर्मित इंटिग्रेटेड टर्मिनल भवन का वर्चुअल उद्घाटन।

Photo : PTI

Narendra Modi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को पोर्ट ब्लेयर में वीर सावरकर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के नवनिर्मित इंटिग्रेटेड टर्मिनल भवन का वर्चुअल उद्घाटन किया। इस मौके पर पीएम मोदी बेंगलुरु में जारी विपक्ष की बैठक पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि 'घोटाले में दोषी होना इस बैठक के लिए क्वालिफिकेशन है। एजेंसियों की कार्रवाई को ये लोग साजिश कहते हैं। ये कट्टर दुष्प्रचारी सम्मेलन हो रहा है। भ्रष्टाचारी दलों ने देश के साथ अन्याय किया है।' पंचायत चुनाव के दौरान पश्चिम बंगाल में हुई हिंसा पर विपक्ष को घेरते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि बंगाल की हिंसा पर ये नेता कुछ नहीं बोल रहे।

'विपक्ष की दुकान भ्रष्टाचार की गारंटी'

पीएम ने कहा, 'विपक्ष की दुकान भ्रष्टाचार की गारंटी है। इन्होंने परिवारवाद को बढ़ावा दिया और अपने स्वार्थ की राजनीति के लिए विकास का काम रोका। वे जातिवाद का जहर बेच रहे हैं लेकिन जनता ने 2024 के लिए मन बना लिया है। पीएम ने विपक्ष पर तंज कसते हुए आगे कहा, 'विपक्ष की इस बैठक को देश के लोग देख रहे हैं। लोगों का कहना है कि यह कट्टर भ्रष्टाचार सम्मेलन है...इस बैठक की एक और भी खासियत है। वह यह कि यदि कोई हजारों करोड़ों रुपए के भ्रष्टाचार मामले में जमानत पर बाहर है तो उसे सम्मान के साथ देखा जा रहा है। यदि कोई पूरा परिवार जमानत पर है तो उसका सम्मान और भी ज्यादा है। यदि कोई किसी समुदाय का अपमान करता है और कोर्ट उसे सजा देता है तो उसे और मान-सम्मान मिलता है।'

इन दलों के लिए अपना परिवार मायने रखता है-पीएम

प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि 'इनके लिए परिवार पहले है और देश बाद में। यही इनका लक्ष्य है। विपक्ष के लोग नफरत, भ्राष्टाचार एवं तुष्टिकरण की राजनीति करेत हैं। यह देश वंशवादी राजनीति का शिकार है। इनके लिए केवल अपने परिवार का विकास मायने रखता है। देश के गरीबों के लिए इनके दिल में कोई जगह नहीं है।' टर्मिनटल बिल्डिंग का उद्घाटन करने के बाद पीएम ने कहा कि इससे यातायात में आसानी और कारोबारी सुगमता बढ़ेगी।

सिंधिया ने सावरकर की प्रतिमा का अनावरण किया

इससे पहले नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने परिसर में वी डी सावरकर की प्रतिमा का अनावरण किया और प्रतिष्ठान का दौरा किया। उनके साथ केंद्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग तथा नागर विमानन राज्य मंत्री जनरल (सेवानिवृत्त) वी के सिंह भी थे। नए टर्मिनल भवन का निर्माण लगभग सात सौ दस करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। यह टर्मिनल अंडमान और निकोबार के संपर्क को बढावा देने में एक महत्‍वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

40 हजार आठ सौ वर्ग मीटर क्षेत्र में फैला है यह टर्मिनल

यह टर्मिनल लगभग 40 हजार आठ सौ वर्ग मीटर क्षेत्र में फैला है। नये टर्मिनल भवन में सालाना लगभग 50 लाख यात्रियों के प्रबंधन की क्षमता है। एप्रोन अनुकूल दो बोइंग-767-400 और दो एयरबस-321 श्रेणी के विमान हवाई अड्डे पर 80 करोड रूपये की लागत से निर्मित किए गए हैं। इस तरह इस हवाई अड्डे में एक बार में 10 विमान को पार्किंग की सुविधा मिलेगी।

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article