देश

PM मोदी का विपक्ष पर वार, "कांग्रेस ने पुडुचेरी को बनाया था दिल्ली वाले परिवार का ATM, अब बदल रही तस्वीर"

प्रधानमंत्री मोदी ने पुडुचेरी में कांग्रेस और DMK को विकास की राह का रोड़ा बताते हुए कहा कि विपक्षी दलों ने इसे 'दिल्ली के परिवार का ATM' बना दिया था। पीएम ने 2700 करोड़ की सौगात देते हुए पुडुचेरी को मेडिकल और आध्यात्मिक पर्यटन का बड़ा केंद्र बनाने का संकल्प दोहराया।

Image

पुडुचेरी में संबोधन देते प्रधानमंत्री (स्क्रीनग्रैब: PTI)

Photo : PTI

PM Modi Puducherry Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को पुडुचेरी में जनसभा के दौरान कांग्रेस और तमिलनाडु में सत्तारूढ़ DMK पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और DMK पुडुचेरी की विकास यात्रा में स्पीड ब्रेकर बन चुकी थीं। अब डबल इंजन सरकार के कामों का जश्न मनाना जरूरी है।

2700 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन

प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को पुडुचेरी में 2,700 करोड़ रुपए से अधिक की कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र ने समावेशी प्रगति सुनिश्चित करने के लिए शहरी और ग्रामीण दोनों अवसंरचना विकास पर विशेष जोर दिया है।

DMK-कांग्रेस पर PM का निशाना

DMK-कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा, "डबल इंजन सरकार की ओर से किए जा रहे अच्छे कार्यों का जश्न मनाना महत्वपूर्ण है, लेकिन यह याद रखना भी जरूरी है कि पहले हालात कैसे थे। कांग्रेस-DMK शासन के दौरान पुडुचेरी के लोगों ने भारी कष्ट झेले। वे साल राजनीतिक अस्थिरता, भ्रष्टाचार, अपराध और गरीबों की तकलीफ से भरे थे। राशन की दुकान में चावल नहीं थे, सैलरी देर से मिलती थी, गुंडों और ड्रग माफिया का सड़कों पर राज था।"

उन्होंने आगे कहा, "कांग्रेस ने पुडुचेरी को दिल्ली में बैठे एक परिवार का एटीएम बना दिया था। जब DMK की बात आती है, तो आप तमिलनाडु में भी हो रहे घोटालों की लंबी सूची देख सकते हैं। कांग्रेस और DMK पुडुचेरी की विकास यात्रा में स्पीड ब्रेकर बन गए थे। अब, वही ताकतें फिर से सत्ता की भूखी हैं। क्या पुडुचेरी को भ्रष्टाचार और अपराध के उस दौर में वापस जाना चाहिए? मुझे यकीन है कि पुडुचेरी के लोग ऐसा नहीं चाहते।"

पुडुचेरी की ताकत पर्यटन

इसी बीच, पर्यटन को पुडुचेरी की ताकत बताते हुए पीएम मोदी ने कहा, "वीकेंड डेस्टिनेशन के तौर पर, यह पहले से ही हजारों यात्रियों को आकर्षित करता है। ट्रेनें और उड़ानें हमेशा भरी रहती हैं। यह पुडुचेरी के लोगों के प्यार की वजह से है। आध्यात्मिक पर्यटन, इको-टूरिज्म और स्वास्थ्य पर्यटन में निवेश के साथ, हम नई ऊंचाइयों पर जा रहे हैं।"

मेडिकल टूरिज्म हब बनाने की कवायद

स्वास्थ्य सेवा पर ध्यान केंद्रित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जब तक मानव संसाधन स्वस्थ रहेगा, तब तक ही राष्ट्र प्रगति कर सकता है। उन्होंने कहा, "स्वास्थ्य सेवा हमारी प्राथमिकता है। यह सभी के लिए सुलभ, उपलब्ध और किफायती होनी चाहिए।" उन्होंने यह भी कहा कि पुडुचेरी का कोई भी नागरिक इलाज के लिए लंबी दूरी की यात्रा करने के लिए मजबूर नहीं होना चाहिए। पीएम मोदी ने कहा कि पुडुचेरी एक मेडिकल टूरिज्म हब बन सकता है। यहां पहले से ही नौ मेडिकल कॉलेज हैं।

इनपुट-आईएएनएस

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article