देश

PM मोदी का दो दिवसीय नॉर्वे दौरा, हेल्थ और डिजिटल सहयोग को मिल सकती है नई रफ्तार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आगामी नॉर्वे यात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस दौरे का मुख्य केंद्र ओस्लो में होने वाली द्विपक्षीय बैठकें रहेंगी, जिसके बाद 18-19 मई को तीसरे इंडिया-नॉर्डिक समिट का आयोजन किया जाएगा।

Image

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फाइल फोटो)

Photo : PTI

PM Narendra Modi Norway Visit: नॉर्वे की भारत में राजदूत मे-एलिन स्टेनर ने भारत-नॉर्वे संबंधों को लेकर गहरा विश्वास जताते हुए कहा है कि दोनों देशों के बीच सहयोग लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आगामी नॉर्वे यात्रा को द्विपक्षीय रिश्तों के लिए बेहद अहम बताया। नॉर्वे के राष्ट्रीय दिवस समारोह के दौरान स्टेनर ने कहा कि भारत और नॉर्वे के संबंध अब पारंपरिक सीमाओं से आगे बढ़कर डिजिटल नवाचार, हरित ऊर्जा, समुद्री सहयोग और उभरती तकनीकों जैसे क्षेत्रों तक फैल चुके हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देश मजबूत लोकतंत्र हैं और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने के लिए समान सोच रखते हैं। पिछले एक साल के दौरान हमारे द्विपक्षीय संबंधों में उल्लेखनीय तेजी और मजबूती देखने को मिली है।

दोनों देशों की ओर से कुल छह मंत्रिस्तरीय दौरे हुए

पिछले 12 महीनों में भारत और नॉर्वे के बीच उच्चस्तरीय संपर्कों में उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखने को मिली है। इस दौरान दोनों देशों की ओर से कुल छह मंत्रिस्तरीय दौरे हुए, जिनमें तीन-तीन प्रतिनिधिमंडल दोनों पक्षों से शामिल रहे। भारत की तरफ से पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी, बंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने नॉर्वे का दौरा किया। वहीं नॉर्वे से मत्स्य और समुद्री नीति मंत्री मैरिएन सिवर्टसेन नैस मुंबई में आयोजित इंडिया मैरीटाइम वीक में शामिल होने भारत आईं। डिजिटलाइजेशन और सार्वजनिक प्रशासन मंत्री कैरिएन ओल्डर्नेस तुंग ने दिल्ली में आयोजित एआई समिट में भाग लिया, जबकि स्वास्थ्य और देखभाल सेवाएं मंत्री जान क्रिश्चियन वेस्ट्रे बेंगलुरु टेक समिट के लिए भारत पहुंचे। इसके अलावा नॉर्वे के उप विदेश मंत्री एंड्रियास क्राविक ने भी रायसीना डायलॉग में हिस्सा लिया।

भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन का आयोजन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आगामी नॉर्वे यात्रा का मुख्य आकर्षण ओस्लो में होने वाली द्विपक्षीय वार्ताएं होंगी, जिसके बाद 18-19 मई को तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। खास बात यह है कि पारंपरिक प्रोटोकॉल से हटकर नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोर खुद एयरपोर्ट पर पीएम मोदी का स्वागत करेंगे। बाद में होने वाली आधिकारिक बैठकों में प्रधानमंत्री स्टोर के साथ विदेश, विकास, स्वास्थ्य और व्यापार मंत्रालयों के चार वरिष्ठ मंत्री भी मौजूद रहेंगे। इस यात्रा के दौरान स्वास्थ्य और डिजिटल पब्लिक गुड्स से जुड़े समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए जाने की संभावना है, जिसमें विकासशील देशों के लिए त्रिपक्षीय सहयोग पर विशेष जोर रहेगा। भारत और नॉर्वे की संयुक्त घोषणा में भारत-EFTA व्यापार एवं आर्थिक साझेदारी समझौते (TEPA) के तहत द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ावा देने, जलवायु परिवर्तन, हरित ऊर्जा परिवर्तन, ब्लू इकॉनमी, स्वास्थ्य सहयोग, आर्कटिक क्षेत्र में वैज्ञानिक साझेदारी और आतंकवाद-रोधी सहयोग जैसे अहम मुद्दों को प्रमुखता दी जाएगी।

किंग हेराल्ड V से भी करेंगे पीएम मोदी मुलाकात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी नॉर्वे यात्रा के दौरान नॉर्वे के किंग हेराल्ड V से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा वह शाही दंपति और क्राउन प्रिंस हाकोन के साथ लंच में भी शामिल होंगे। वहीं विदेश मंत्री एस. जयशंकर अपने नॉर्वेजियन समकक्ष के साथ अलग से द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इस यात्रा के दौरान एक महत्वपूर्ण बिजनेस राउंडटेबल बैठक भी आयोजित होगी, जिसमें दोनों देशों के प्रधानमंत्री और क्राउन प्रिंस हाकोन शामिल रहेंगे। इस कार्यक्रम में भारत और नॉर्वे के बीच व्यापारिक सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से करीब 30 व्यावसायिक समझौता ज्ञापनों (MoUs) पर हस्ताक्षर किए जाने की संभावना है। बता दें कि, नॉर्वे समेत प्रधानमंत्री 15 से 20 मई तक नीदरलैंड, स्वीडन और इटली का दौरा करेंगे। आधिकारिक जानकारी के मुताबिक पीएम मोदी अपने यूरोपियन दौरे की शुरुआत या आखिर में यूनाइटेड अरब अमीरात (UAE) में थोड़ी देर रुक सकते हैं।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article