PM Modi Paper Leak Video: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार की देर रात को नीट पेपर लीक को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। पीएम मोदी ने वीडियो जारी करते हुए कहा कि शुक्रवार को नीट पेपर लीक को लेकर मीटिंग में बड़े फैसले लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि छात्रों का एक साल बर्बाद न हो इसके लिए तत्काल परीक्षा लेना जरूरी था। इसलिए कम से कम समय में सरकार ने 22 लाख विद्यार्थियों की परीक्षा के प्रबंध किए।
राहुल गांधी ने पीएम मोदी के वीडियो पर दिया जवाब
पीएम मोदी के वीडियो संदेश पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी, हमारे छात्र धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। इस घटिया आधी रात के वीडियो से उनकी बुद्धि का अपमान न करें। 1. प्रधान को बर्खास्त करें। 2. छात्रों को पीटने वालों को दंडित करें। 3. माफी मांगें।
पेपर लीक को लेकर पीएम मोदी ने क्या-क्या कहा?
पीएम मोदी ने वीडियो संदेश में कहा, ''दोस्तो, मैं जानता हूं कि पेपर लीक कोई मामूली विषय नहीं है। लाखों विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के लिए बहुत ही पीड़ादायक है और इसलिए पेपर लीक घटना से अबतक पिछले 2.5 महीनों में अनेक कदम उठाए गए। गुनहगारों को पकड़ा गया, वह जेल में पड़े हैं। हमारा सबसे महत्वपूर्ण जिम्मा, विद्यार्थियों का एक वर्ष बर्बाद न हो, तत्काल परीक्षा लेना जरूरी था। ऐसे में सरकार ने पूरी शक्ति का इस्तेमाल करके कम से कम समय में 22 लाख विद्यार्थियों का एग्जाम हो जाए। ऐसे प्रबंध किए और 19 तारीख को रिजल्ट भी आ गए और देशभर में उत्तीर्ण हो गए।''
उन्होंने आगे कहा, "हम संतोष मानने वाले लोगों में से नहीं हैं। इसलिए मैंने आज फास्ट ट्रैक कोर्ट के लिए विभागों को निर्देश दिए थे। विभागों ने लगातार मेहनत करके देर रात इसका मसौदा तैयार कर उन्हें सौंप दिया है। कल कैबिनेट में इस पर चर्चा होगी और कैबिनेट साथियों के सुझाव के बाद उसे अंतिम रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सोमवार से संसद का दूसरा सप्ताह शुरू हो रहा है। ऐसे में जल्द से जल्द उस बिल को सदन में पारित कराने का प्रयास किया जाएगा।"
