PM Modi Church Visit: ईस्टर के मौके पर पीएम मोदी रविवार शाम को दिल्ली के सेक्रेड हार्ट चर्च पहुंचे, जहां उन्होंने प्रार्थना सभा में भाग लिया। इस दौरान पीएम मोदी चर्च के पादरियों से भी बात करते नजर आए। पीएम के इस दौरे का एक वीडियो भी सामने आया है।
क्या बोला चर्च
पीएम जैसे ही सेक्रेड हार्ट चर्च पहुंचे, वहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। पीएम का फूलों का गुलदस्ता देकर उनका स्वागत किया गया। एक आधिकारिक वीडियो में उन्हें पादरियों का अभिवादन करते हुए देखा जा सकता है। स्वागत कार्यक्रम के बाद पीएम मोदी प्रार्थना सभा में भी शामिल हुए। पीएम मोदी के इस दौरे से पहले फादर फ्रांसिस स्वामीनाथन ने कहा कि यह पहली बार है जब कोई प्रधानमंत्री, किसी चर्च का दौरा कर रहे हैं। उन्होंने कहा- "हम रोमांचित हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज हमारे चर्च का दौरा करेंगे। मेरा मानना है कि यह पहली बार है जब किसी प्रधानमंत्री ने एक चर्च का दौरा किया है।"
पीएम का ट्वीट
इससे पहले दिन में पीएम मोदी ने ट्वीट कर ईस्टर की बधाई दी थी। उन्होंने लिखा था- "हैप्पी ईस्टर! यह पर्व लोगों को समाज की सेवा करने और वंचितों को सशक्त बनाने में मदद करने के लिए प्रेरित करे। हम इस दिन प्रभु ईसा मसीह के पवित्र विचारों को याद करते हैं।"
सियासी मायने
पीएम मोदी के इस दौरे को सियासी नजरों से भी देखा जा रहा है। पीएम का दौरा यह भी दिखा रहा है कि उनकी पार्टी ईसाई विरोधी नहीं है। केरल में ईसाईयों के लिए बीजेपी अलग से कार्यक्रम चला रही है। गोवा में भी इस बार ईसाई वोटों को बीजेपी अपनी ओर करने में कामयाब रही थी। पीएम मोदी का यह दौरा 2024 के चुनाव से पहले महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पीएम के इस दौरे से बीजेपी को उन राज्यों में फायदा मिल सकता है, जहां ईसाईयों की संख्या ठीक-ठाक है। साउथ इंडिया और नॉर्थ ईस्ट के राज्यों में ईसाई वोटों का काफी महत्व है।
