'Mangal Milan' meeting : राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के संसदीय दल की साप्ताहिक 'मंगल मिलन' बैठक मंगलवार को हुई। संसद के बालयोगी ऑडिटोरियम में हुई बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित एनडीए के नेता एवं अन्य मंत्री शामिल हुए। इस बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी उपस्थित थे। इस मौके पर केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मांडविया ने मोदी सरकार के 12 साल के मौके पर रोजगार पर प्रेजेंटेशन दिया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि PM मोदी के नेतृत्व में 2014 से भारत में रोजगार, कौशल और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व बदलाव आया है।
NDA की 'मंगल मिलन' बैठक संसद में हुई।
मोदी सरकार के 12 साल पर मांडविया ने दिया प्रेजेंटेशन
उन्होंने कहा कि NDA शासनकाल 2014-24)के दौरान 17.1 करोड़ से अधिक नए रोजगार सृजित हुए हैं, जो कि UPA कार्यकाल (2.9 करोड़) की तुलना में लगभग 6 गुना अधिक की वृद्धि दर्शाते हैं। मांडविया ने कहा कि 2025 में भारत की बेरोजगारी दर घटकर 3.1% पर आ गई, जो कई विकसित देशों और 4.8% के वैश्विक औसत से भी बेहतर है। 'मेक इन इंडिया', PLI स्कीम और ₹2 लाख करोड़ के 'PM पैकेज' जैसी पहलों से युवाओं की रोजगार योग्यता 2013 के 34% से बढ़कर 2025 में 56% हो गई है। इसके अलावा, सामाजिक सुरक्षा के दायरे में 2026 तक रिकॉर्ड 101 करोड़ नागरिक शामिल हो चुके हैं।
एनडीए संसदीय दल की बैठक से पहले बोले बंधोपाध्याय
एनसीपीआई के वरिष्ठ नेता बंधोपाध्याय ने मंगलवार को कहा, 'मैं आज पहली बार एनडीए संसदीय दल की बैठक में शामिल हो रहा हूं। मैं देश के सबसे वरिष्ठ सांसदों में से एक हूं। एनसीपीआई में सभी एकजुट हैं।' हालांकि, पिछले सप्ताह आयोजित एनडीए के 'मंगल मिलन' कार्यक्रम में एनसीपीआई के अल्पसंख्यक समुदाय से जुड़े तीन सांसदों की अनुपस्थिति ने राजनीतिक हलकों में अटकलों को जन्म दिया था। पार्टी ने किसी भी तरह के मतभेद की खबरों को खारिज किया, लेकिन ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के नेताओं का दावा है कि ये तीनों सांसद भाजपा नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का हिस्सा नहीं बनना चाहते।
पिछली बैठक में शामिल नहीं हुए NCPI के 3 सांसद
एनसीपीआई के सांसद अबू ताहेर खान, खलीलुर रहमान और यूसुफ पठान एनडीए की बैठक में शामिल नहीं हुए। यह पहला अवसर था जब एनसीपीआई ने केंद्र की सत्तारूढ़ गठबंधन की बैठक में भाग लिया। दरअसल, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की हार के बाद पार्टी के 20 बागी सांसदों ने टीएमसी छोड़कर नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया (एनसीपीआई) में शामिल होने का ऐलान किया था। नई पार्टी ने एनडीए को समर्थन देने की घोषणा की थी। बैठक का समापन केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के संबोधन के साथ हुआ।
गोयल ने मुक्त व्यापार समझौतों की जानकारी दी
बैठक में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह ने भी सांसदों को संबोधित किया। गोयल ने भारत द्वारा हाल ही में किए गए मुक्त व्यापार समझौतों (FTA) की सफलता और उनके रणनीतिक प्रभाव पर चर्चा की। राजीव रंजन सिंह ने देश के मत्स्य क्षेत्र की प्रगति, सरकार की योजनाओं और भविष्य के विकास रोडमैप पर जानकारी दी। गौरतलब है कि एनडीए का साप्ताहिक 'मंगल मिलन' कार्यक्रम संसद के मानसून सत्र के दौरान हो रहा है। इस सत्र में परीक्षा सुधार, छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई को लेकर विपक्ष का विरोध और राम मंदिर दान मामले जैसे मुद्दों पर संसद में लगातार हंगामा देखने को मिल रहा है।
