LIVE

आज की ताजा खबर: Aaj Ki Taza Khabar, 4 अगस्त 2023 की बड़ी खबरें, चंद्रबाबू नायडू की रैली में पथराव और आगजनी, श्रीनगर में आतंकियों के तीन मददगार गिरफ्तार

Aaj Ki Taza Khabar 4th August 2023, आज की ताजा खबर 4 अगस्त 2023
आज की ताजा खबर (Aaj ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 4 अगस्त और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 4 अगस्त (शुक्रवार) की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार : आंध्रप्रदेश के चित्तूर में शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू के दौरे के दौरान पथराव एवं आगजनी में कई पुलिसकर्मी और तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा), सत्तारूढ़ वाईएसआरसीपी के कई कार्यकर्ता घायल हो गये। पुलिस ने यह जानकारी दी। विभिन्न जिलों में सिंचाई परियोजनाओं को पूरा करने में वाई एस जगनमोहन रेड्डी सरकार की विफलता को उजागर करने के लक्ष्य से नायडू ‘युद्ध भेरी’ यात्रा पर हैं। ये परियोजनाएं नायडू के मुख्यमंत्री में शुरू की गयी थी। वहीं जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) की शाखा 'द रेजिस्टेंस फ्रंट' (टीआरएफ) से जुड़े आतंकवादियों के तीन सहयोगियों को शुक्रवार को यहां गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान बारामूला के इमरान अहमद नजर, श्रीनगर के वसीम अहमद मट्टा और बिजबेहरा के वकील अहमद भट के रूप में की गयी है। सुप्रीम कोर्ट द्वारा राहुल गांधी की सजा पर रोक लगाने के बाद अब यह भी साफ हो गया है कि राहुल गांधी की लोकसभा की सदस्यता फिर से बहाल हो सकती है।
Aug 4, 2023 | 10:49 PM IST

आतंकवादियों के तीन सहयोगी गिरफ्तार

आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) की शाखा 'द रेजिस्टेंस फ्रंट' (टीआरएफ) से जुड़े आतंकवादियों के तीन सहयोगियों को शुक्रवार को यहां गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान बारामूला के इमरान अहमद नजर, श्रीनगर के वसीम अहमद मट्टा और बिजबेहरा के वकील अहमद भट के रूप में की गयी है। पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि इन तीनों को पुलिस टीम ने विशिष्ट खुफिया जानकारी के बाद शहर के हरनाबल नटिपोरा में एक जांच चौकी से पकड़ा था। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए आतंकवादियों के पास से तीन हथगोले, पिस्तौल के 10 राउंड, एके-47 राइफल के 25 राउंड और अन्य आपत्तिजनक सामग्री जब्त की गई है।
Aug 4, 2023 | 10:48 PM IST

चंद्रबाबू नायडू के दौरे के दौरान पथराव

आंध्रप्रदेश के चित्तूर में शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू के दौरे के दौरान पथराव एवं आगजनी में कई पुलिसकर्मी और तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा), सत्तारूढ़ वाईएसआरसीपी के कई कार्यकर्ता घायल हो गये। पुलिस ने यह जानकारी दी। विभिन्न जिलों में सिंचाई परियोजनाओं को पूरा करने में वाई एस जगनमोहन रेड्डी सरकार की विफलता को उजागर करने के लक्ष्य से नायडू ‘युद्ध भेरी’ यात्रा पर हैं। ये परियोजनाएं नायडू के मुख्यमंत्री में शुरू की गयी थी। प्रारंभिक सूचना के अनुसार सुरक्षा प्रदान करने के तैनात किये गये 20 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गये।
Aug 4, 2023 | 08:55 PM IST

दिल्ली के कई हिस्सों में बारिश

शुक्रवार को दिल्ली-एनसीआर के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा हुई, जिसकी वजह से राष्ट्रीय राजधानी में लोगों को उमसभरे मौसम से कुछ राहत मिली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, राजधानी में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है जबकि अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रहा। आईएमडी ने शहर के कुछ हिस्सों में शनिवार को हल्की बारिश होने की संभावना जतायी है और अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने की उम्मीद है। विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को आर्द्रता 94 से 71 प्रतिशत के बीच रही। दिल्ली का 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 105 दर्ज किया गया, जो कि मध्यम श्रेणी में आता है। शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को अच्छा माना जाता है, 51 से 100 को 'संतोषजनक', 101 से 200 से 'मध्यम', 201 से 300 को 'खराब', 301 से 400 को 'बहुत खराब' और 401 से 500 को 'गंभीर' माना जाता है।
Aug 4, 2023 | 06:37 PM IST

राहुल गांधी के समर्थन में वायनाड में निकला मार्च

Aug 4, 2023 | 06:35 PM IST

चंद्रयान-3 ने तय कर ली चंद्रमा की लगभग दो-तिहाई दूरी

14 जुलाई को प्रक्षेपण के बाद से चंद्रयान-3 अंतरिक्ष यान ने चंद्रमा की लगभग दो-तिहाई दूरी तय कर ली है। यह जानकारी भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) की ओर से शुक्रवार (चार अगस्त, 2023) को दी गई। राष्ट्रीय अंतरिक्ष एजेंसी ने आगे बताया कि कल, एक और महत्वपूर्ण प्रयास में अंतरिक्ष यान को चंद्रमा की कक्षा में स्थापित किया जाएगा। अंतरिक्ष यान को चंद्रमा की कक्षा में स्थापित करने की प्रक्रिया पांच अगस्त को शाम करीब सात बजे के लिए निर्धारित है। यह प्रयास तब किया जाएगा जब चंद्रयान-3 चंद्रमा के सबसे पास होगा।
Aug 4, 2023 | 04:46 PM IST

ज्ञानवापी पर मुस्लिम पक्ष को लगा बड़ा झटका

ज्ञानवापी मामले में मुस्लिम पक्ष को तगड़ा झटका लगा है। अदालत ने ज्ञानवापी परिसर का आर्कियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया (एएसआई) की ओर सर्वेक्षण जारी रखने का निर्देश दिया है। वजूखाने को छोड़कर पूरे परिसर का सर्वे किया जाएगा। एएसआई के वैज्ञानिक सर्वे पर रोक लगाने से इनकार करते हुए कोर्ट ने कहा कि एएसआई ने स्पष्ट किया है कि पूरा सर्वे बिना किसी खुदाई और संरचना को कोई नुकसान पहुंचाए बगैर पूरा किया जाएगा।
Aug 4, 2023 | 03:54 PM IST

कांग्रेस नेता ने संसद भवन परिसर में लगाए नारे

राहुल गांधी के खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाने वाले लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बावजूद राहुल गांधी की सांसदी बहाल करने में देरी करने की आशंका जताते हुए सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद तुरंत लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात कर, फैसले के मद्देनजर राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता को फिर से जल्द से जल्द बहाल करने की मांग की है। अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि राहुल गांधी की जीत सत्य की जीत का प्रतीक है और वह चाहते हैं कि राहुल गांधी की संसद सदस्यता जल्द से जल्द बहाल हो और वह मोदी सरकार के खिलाफ लाए जा रहे अविश्वास प्रस्ताव की चर्चा में शामिल हो। अधीर रंजन चौधरी ने राहुल गांधी की जीत पर संसद भवन परिसर में मीडिया के सामने नारे भी लगाए।
Aug 4, 2023 | 03:54 PM IST

जल्द बहाल हो सकती है राहुल गांधी की सांसदी!

सुप्रीम कोर्ट द्वारा राहुल गांधी की सजा पर रोक लगाने के बाद अब यह भी साफ हो गया है कि राहुल गांधी की लोकसभा की सदस्यता फिर से बहाल हो सकती है। सूत्रों के मुताबिक सुप्रीम कोर्ट के फैसले की सर्टिफाइड कॉपी लोकसभा सचिवालय के पास आने के बाद तकनीकी प्रक्रिया का अनुसरण करते हुए और मामले से जुड़े तमाम पहलुओं को देखने के बाद लोकसभा सचिवालय द्वारा उनकी सदस्यता बहाल करने के लिए जल्द ही नोटिफिकेशन जारी किया जा सकता है।
Aug 4, 2023 | 02:44 PM IST

मोदी सरनेम मामले में सुप्रीम कोर्ट की वो बड़ी टिप्पणियां, जिससे राहुल गांधी हो जाएंगे खुश

कांग्रेस नेता राहुल गांधी को शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। राहुल गांधी की याचिका पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने मानहानि मामले में उनको मिली सजा पर रोक लगा दी है। पूरी खबर पढ़ें
Aug 4, 2023 | 12:46 PM IST

सहारा रिफंड मामला: अमित शाह ने ट्रांसफर की 10-10 हजार रुपए की पहली किस्त

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह दिल्ली में सहारा रिफंड पोर्टल के माध्यम से सहारा समूह की सहकारी समितियों के जमाकर्ताओं को क्लेम राशि ट्रांसफर किया। आज 112 लाभार्थियों को 10-10 हजार रुपए की पहली किस्त ट्रांसफर कर दी गई है। पूरी खबर पढे़ं
Aug 4, 2023 | 11:35 AM IST

मुंबई-जयपुर ट्रेन में फायरिंग का असर, ट्रेन में AK-47 नहीं अब पिस्टल लेकर चलेगी एस्कॉर्ट पार्टी

गत सोमवार को मुंबई-जयपुर ट्रेन में हुई गोलीबारी की घटना के बाद रेलवे सुरक्षा को लेकर काफी सतर्क हो गया है। मध्य रेलवे एवं पश्चिमी रेलवे ने इस बारे में एहतियाती कदम उठाया है। दोनों रेलवे ने कहा है कि ट्रेन में एस्कॉर्ट के रूप में चलने वाले आरपीएफ के जवान अपने साथ एआर-एम1 राइफल की जगह पिस्टल लेकर यात्रा करेंगे। बता दें कि एआर-एम1 राइफल एके-47 का ही उन्नत एवं आधुनिक संस्करण है। समझा जाता है कि ट्रेनों में यात्रा के दौरान खतरे को कम करने के लिए यह फैसला लिया गया है। पू री खबर पढ़ें
Aug 4, 2023 | 10:48 AM IST

कीचड़ में बैठाकर NCC के छात्रों को बेहरहमी से पीटा

महाराष्ट्र के ठाणे में जोशी बेडेकर कॉलेज के परिसर में प्रशिक्षण सत्र के दौरान एक व्यक्ति द्वारा NCC कैडेटों की पिटाई का वीडियो सामने आया है। इसके बाद राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) के सदस्यों को उनके सीनियर द्वारा बेरहमी से पीटने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जिससे छात्रों और अभिभावकों में सदमा और आक्रोश फैल गया है। पूरी खबर पढ़ें
Aug 4, 2023 | 10:01 AM IST

पटना में इंडिगो फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग

बिहार की राजधानी पटना में एक इंडिगो फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई है। मिली जानकारी के अनुसार पटना एयरपोर्ट पर इंडिगो की उड़ान 6ई 2433 की आपातकालीन लैंडिंग हुई है। हवाई अड्डे के निदेशक की तरफ से यह जानकारी मीडिया को दी गई है। पूरी खबर पढ़ें
Aug 4, 2023 | 09:59 AM IST

केदारनाथ यात्रा मार्ग पर भीषण भूस्खलन

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में बीती रात गौरीकुंड चौकी पुल के पास भारी बारिश के बाद भूस्खलन से 3 दुकानें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। जिला प्रशासन की टीम, आपदा प्रबंधन टीम, पुलिस टीम, SDRF, NDRF समेत अन्य टीमें मौके पर मौजूद हैं। पूरी खबर पढ़ें
Aug 4, 2023 | 08:54 AM IST

जम्मू कश्मीर के पुलवामा में NIA के छापे

राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने आतंकवाद से जुड़े एक मामले में जम्मू कश्मीर के पुलवामा जिले में शुक्रवार को छापे मारे। अधिकारियों ने बताया की पुलवामा जिले के दो स्थानों सेथरगुंड और उगरगुंड में छापे मारे गए। एनआईए के कर्मियों ने पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों के साथ तड़के इन स्थानों पर आवासीय भवनों पर छापे मारे। उन्होंने कहा कि ये छापे आतंकवाद के एक मामले में एनआईए की जांच का हिस्सा हैं।
Aug 4, 2023 | 07:53 AM IST

आज की ताजा खबर 4 अगस्त 2023 LIVE: वाशिंगटन कोर्ट में पेश हुए ट्रंप

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप गुरुवार को वाशिंगटन की एक अदालत में पेश हुए। 2020 के चुनावी नतीजों को पलटने की साजिश रचने के आरोपों पर ट्रंप ने कोर्ट में कहा कि वह निर्दोष हैं। कोर्ट इस मामले की सुनवाई अब 28 अगस्त को करेगा। कोर्ट में पेशी के बाद ट्रंप वहां से रवाना हो गए। सीएनएन की रिपोर्ट के बाद मजिस्ट्रेट मोक्सिला उपाध्याय ने मामले की सुनवाई करने के बाद इसे 28 अगस्त तक के लिए टाल दिया। इस केस की अगली सुनवाई अब जिला जज तान्या चुटकन की अदालत में होगी।
Aug 4, 2023 | 07:30 AM IST

ज्ञानवापी परिसर का आज से ASI सर्वे

इलाहाबाद हाई कोर्ट ने मुस्लिम पक्ष को हाई कोर्ट जाने के लिए कहा। हाई कोर्ट ने गुरुवार को मामले की सुनवाई के बाद परिसर का एएसआई सर्वे कराने के निचली अदालत के फैसले को सही ठहराया। अब हाई कोर्ट के आदेश के बाद एएसआई की टीम शुक्रवार से सर्वे का काम शुरू करेगी। ASI के सर्वे को देखते हुए ज्ञानवापी परिसर में सुरक्षा का भारी बंदोबस्त किया गया है। ज्ञानवापी के सभी रास्तों पर पुलिस का पहरा है और आने-जाने वालों पर नजर रखी जा रही है।
Aug 4, 2023 | 06:44 AM IST

आज की ताजा खबर 4 अगस्त 2023 LIVE: नीतीश के यूपी से चुनाव लड़ने पर बयानबाजी शुरू

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित उत्तर प्रदेश से लोकसभा चुनाव लड़ने की ताजा अटकलों को लेकर राज्य में सत्तारूढ़ महागठबंधन और यहां के विपक्षी दल के बीच राजनीतिक तकरार शुरू हो गई है। बिहार के मंत्री और उत्तर प्रदेश के लिए जनता दल (यूनाइटेड) (जद-यू) के प्रभारी श्रवण कुमार के हाल में कहा था कि ऐसी ‘मांगें’उठ रही हैं कि पार्टी प्रमुख पड़ोसी राज्य से चुनाव मैदान में उतरें। इसके बाद कुमार के उत्तर प्रदेश से लोकसभा चुनाव लड़ने की अटकलें तेज हो गईं।
Aug 4, 2023 | 06:44 AM IST

उप्र में पुलिसकर्मी की गोली मारकर हत्या

फिरोजाबाद में बृहस्पतिवार रात अज्ञात हमलावरों ने एक पुलिसकर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) आशीष तिवारी ने बताया कि औराव थाने की चंदनपुर चौकी के प्रभारी उपनिरीक्षक दिनेश कुमार मिश्रा (35) एक मामले की जांच कर लौट रहे थे, तभी चंदनपुर गांव के पास उन पर गोली चला दी गयी। एसएसपी ने कहा कि मिश्रा को अस्पताल ले जाया गया जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। उन्होंने कहा कि कन्नौज जिला निवासी मिश्रा दहेज हत्या के एक मामले की जांच करने गए थे। तिवारी ने कहा कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है।
Aug 4, 2023 | 06:43 AM IST

आज की ताजा खबर 4 अगस्त 2023 LIVE: गोवा से दिल्ली लौटे राहुल गांधी

गोवा की अपनी निजी यात्रा पूरी करने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी बृहस्पतिवार को अपने साथ जैक रसेल टेरियर नस्ल का तीन महीने का पपी (पिल्ला) लेकर दिल्ली लौटे। उत्तरी गोवा के म्हापसा शहर में अपने पति स्टैनली ब्रैगेंजा के साथ 'डॉग हाउस' चलाने वाली शिवानी पित्रे ने कहा कि राहुल अपने साथ यहां से एक पिल्ला ले गए हैं। उन्होंने बताया कि राहुल ने एक और पिल्ला चुना है, जिसे बाद में उनके पास भेजा जाएगा। राहुल बुधवार रात गोवा पहुंचे थे और बृहस्पतिवार सुबह राष्ट्रीय राजधानी लौट आए।
Aug 4, 2023 | 06:43 AM IST

आज की ताजा खबर 4 अगस्त 2023 LIVE:गुरुग्राम में शटरिंग गिरने से मजदूर की मौत

हरियाणा में गुरुग्राम के धनवापुर गांव के पास एक निर्माणाधीन रेलवे भूमिगत मार्ग की बृहस्पतिवार को शटरिंग गिरने से एक मजदूर की दबकर मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, भूमिगत मार्ग पर काम कर रहे तीन अन्य लोग इस घटना में घायल हो गए।
Aug 4, 2023 | 06:42 AM IST

आज की ताजा खबर 4 अगस्त 2023 LIVE: मुख्तार अंसारी बाराबंकी की अदालत में पेश

बाहुबली नेता मुख्तार अंसारी पंजाब की जेल से अदालत आने के दौरान एंबुलेंस का उपयोग करने से जुड़े एक मामले में बृहस्पतिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से उत्तर प्रदेश के बाराबंकी की एक अदालत में पेश हुआ। अंसारी के वकील रणधीर सुमन ने कहा कि अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट विपिन यादव ने समय की कमी के कारण सुनवाई की अगली तारीख 17 अगस्त तय की है।