Indus Waters Treaty- 22 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर भारत द्वारा 1960 की सिंधु जल संधि को स्थगित करने के कुछ सप्ताह बाद, पाकिस्तान ने इस संधि के बारे में नई दिल्ली की चिंताओं पर चर्चा करने की इच्छा का संकेत दिया है। सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान के जल संसाधन सचिव सैयद अली मुर्तजा ने संधि के निलंबन पर भारत सरकार की औपचारिक अधिसूचना का जवाब दिया है।
भारत अपने फैसले पर कायम
अपनी भारतीय समकक्ष देबश्री मुखर्जी को लिखे पत्र में मुर्तजा ने नई दिल्ली द्वारा उठाई गई विशिष्ट आपत्तियों पर चर्चा करने के लिए अपनी सरकार की तत्परता जताई। उन्होंने भारत के कदम के कानूनी आधार पर भी सवाल उठाया कि संधि में बाहर निकलने संबंधी खंड नहीं है। हालांकि, भारत सरकार अपने फैसले पर कायम है। जल शक्ति मंत्रालय के अधिकारियों से जब संपर्क किया गया तो उन्होंने इस घटनाक्रम पर आधिकारिक रूप से टिप्पणी करने से इनकार कर दिया, लेकिन सरकारी सूत्रों ने संकेत दिया कि मौजूदा परिस्थितियों में, भारत की स्थिति में बदलाव की संभावना नहीं है।
भारत ने पाकिस्तान के आतंकवाद के कारण लिया फैसला
सूत्रों ने दोहराया कि संधि को निलंबित करने का निर्णय जम्मू कश्मीर को लगातार निशाना बनाकर सीमा पार से होने वाले आतंकवाद के कारण लिया गया था। 24 अप्रैल को लिखे पत्र में मुखर्जी ने मुर्तजा को सूचित किया था कि संधि के तहत प्रस्तावित वार्ता में शामिल होने से पाकिस्तान का इनकार और आतंकवाद को लगातार प्रायोजित करना संधि का उल्लंघन है।

भारत ने की सिंधु जल संधि स्थगित, बौखलाया पाकिस्तान
मुर्तजा के पत्र से पता चलता है कि पाकिस्तान ने अपना रुख नरम कर लिया है, लेकिन सूत्रों ने कहा कि संचार का लहजा आक्रामक बना हुआ है और इस्लामाबाद ने भारत के कदम को एकतरफा और अवैध करार दिया है। भारतीय अधिकारियों ने कहा कि परिस्थितियों में बदलाव का सिद्धांत, जैसा कि आतंकवाद और जलवायु परिवर्तन के बार-बार होने वाले कारनामों से देखा जाता है, संधि की समीक्षा के लिए आधार प्रदान करता है।
1960 में भारत और पाकिस्तान के बीच संधि
इससे पहले, भारत ने जनवरी 2023 और सितंबर 2024 में पाकिस्तान को नोटिस जारी किए थे। विश्व बैंक द्वारा मध्यस्थता की गई सिंधु जल संधि ने 1960 से भारत और पाकिस्तान के बीच सिंधु नदी और उसकी सहायक नदियों के पानी के वितरण और उपयोग को नियंत्रित किया है। सिंधु नदी प्रणाली में मुख्य नदी, सिंधु और उसकी सहायक नदियां शामिल हैं। रावी, ब्यास और सतलुज को सामूहिक रूप से पूर्वी नदियां कहा जाता है, जबकि सिंधु, झेलम और चिनाब को पश्चिमी नदियां कहा जाता है। इस नदी प्रणाली का पानी भारत और पाकिस्तान दोनों के लिए अहम है।
