Himachal Pradesh Flood: देश के कई हिस्सों में मानसून के रफ्तार पकड़ने के बीच हिमाचल प्रदेश में बादल फटने से अचानक आई बाढ़ ने जमकर तबाही मचाई जिसकी वजह से 5 लोगों की मौत हो गई और एक अन्य घायल है, जबकि सात लापता बताए जा रहे हैं। इस बीच, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने भारी बारिश की संभावना जताते हुए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है।
हिमाचल प्रदेश में अचानक आई बाढ़
CM सुक्खू ने दिए अहम निर्देश
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गुरुवार को राज्य के सभी डिप्टी कमिश्नरों को सतर्क रहने और जनता के लिए 24x7 घंटे पहुंच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री का यह निर्देश भारी बारिश, बादल फटने और अचानक आई बाढ़ के एक दिन बाद आया जिससे राज्य में तबाही मची है।
'सुरक्षित स्थानों पर लोगों को करें शिफ्ट'
गुरुवार को जिला प्रशासन के प्रतिनिधियों के साथ स्थिति की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने सभी डिप्टी कमिश्नरों को प्रभावित व्यक्तियों के लिए युद्धस्तर पर राहत एवं पुनर्वास अभियान चलाने के निर्देश दिए। एक बयान में कहा गया कि मुख्यमंत्री ने डिप्टी कमिश्नरों को नदियों, खड्डों और नालों के किनारे रहने वाले व्यक्तियों या परिवारों और विशेष रूप से प्रवासी मजदूरों की पहचान कर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने के भी निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों को बारिश के मौसम में नदी-नालों के पास नहीं जाने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने अधिकारियों से जल्द से जल्द सरकार को सभी नुकसान की रिपोर्ट देने को कहा।
त्राहिमाम कर रही जनता
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा और कुल्लू जिलों में बुधवार को बादल फटने, अचानक बाढ़ और भारी बारिश ने कहर बरपाया। कांगड़ा जिले में बुधवार को अचानक आई बाढ़ से प्रभावित इंदिरा प्रियदर्शिनी जलविद्युत परियोजना स्थल से दो और शव बरामद होने के साथ ही मरने वालों की संख्या बढ़कर चार हो गई है।
