Odisha Naxal Encounter: ओडिशा के कंधमाल और गंजाम जिले से सटे रम्भा फॉरेस्ट रेंज में सुरक्षाकर्मियों को बड़ी कामयाबी मिली। सुरक्षाकर्मियों ने एक खुफिया जानकारी के आधार पर एक ज्वाइंट ऑपरेशन शुरू किया। इस दौरान सुरक्षाकर्मियों का सामना नक्सलवादियों से हुआ और ताबड़तोड़ गोलीबारी हुई जिसमें एक ईनामी सहित चार नक्सली ढेर हो गए।
ओडिशा के रम्भा जंगलों में चलाया गया नक्सल विरोधी अभियान (फाइल फोटो)
नक्सली गणेश का खत्म हुआ आतंक
रम्भा फॉरेस्ट रेंज में चलाए गए इस ऑपरेशन में ओडिशा पुलिस, सीआरपीएफ, बीएसएफ सहित 23 टीमों ने हिस्सा लिया। पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान कई बार सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन चलाया गया और नक्सलियों के चार शव बरामद किए गए, जिनमें दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। सभी नक्सली वर्दी में थे।
सुरक्षाकर्मियों ने जिन शवों को बरामद किया है उसमें नक्सलियों के एक टॉप लीडर गणेश का शव भी शामिल है, जिस पर 1.1 करोड़ रुपये का ईनाम था। बाकी तीनों नक्सलियों की पहचान की जा रही है। सुरक्षाकर्मियों ने मुठभेड़ स्थल से दो इंसास राइफल और एक .303 राइफल भी बरामद की है।
