देश

हाईवे पर अब नहीं रहेगा ‘नेटवर्क नहीं है’ का बहाना, राष्ट्रीय राजमार्गों को डिजिटल ताकत देने के लिए NHAI का बड़ा कदम

राष्ट्रीय राजमार्गों पर मोबाइल नेटवर्क की समस्या खत्म करने के लिए NHAI ने बड़ा कदम उठाया है। देशभर में 1750 किमी हाईवे पर नेटवर्क संकट वाले 424 स्थान चिन्हित कर DoT और TRAI से हस्तक्षेप मांगा गया है।

Image

हाईवे पर अब नहीं रहेगा ‘नेटवर्क नहीं है’ का बहाना (प्रतीकात्मक फोटो- Canva)

देशभर के राष्ट्रीय राजमार्गों पर सफर करने वालों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर है। अब हाईवे पर मोबाइल नेटवर्क की समस्या को गंभीरता से लिया गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने मोबाइल नेटवर्क न होने की समस्या को लेकर दूरसंचार विभाग (DoT) और ट्राई (TRAI) से तुरंत हस्तक्षेप की मांग की है। NHAI ने साफ कहा है कि हाईवे सिर्फ सड़क नहीं, बल्कि जन-सुरक्षा और आपात सेवाओं की जीवनरेखा हैं। ऐसे में नेटवर्क न होना यात्रियों के लिए बड़ा खतरा बन सकता है।

1750 किलोमीटर हाईवे पर नेटवर्क संकट

NHAI की विस्तृत जांच में देशभर के 424 ऐसे स्थान चिन्हित किए गए हैं, जहां करीब 1750 किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग पर मोबाइल नेटवर्क पूरी तरह या आंशिक रूप से उपलब्ध नहीं है। खासकर ग्रीनफील्ड हाईवे और दूरदराज के इलाकों में यह समस्या ज्यादा गंभीर है। इन सभी लोकेशन्स की पूरी जानकारी DoT और TRAI को सौंप दी गई है ताकि टेलीकॉम कंपनियों को जरूरी निर्देश दिए जा सकें।

नेटवर्क नहीं तो इमरजेंसी में मुश्किल

ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों से गुजरने वाले हाईवे पर नेटवर्क की कमी से- दुर्घटना के समय मदद पहुंचाने में देरी, एम्बुलेंस और पुलिस सेवा में बाधा,

डिजिटल सेवाओं का लाभ न मिलना, जैसी समस्याएं सामने आती हैं। NHAI का मानना है कि मजबूत नेटवर्क के बिना सुरक्षित हाईवे की कल्पना अधूरी है।

दुर्घटना से पहले चेतावनी: SMS अलर्ट का प्लान

सड़क सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए NHAI ने एक और अहम सुझाव दिया है। दुर्घटना संभावित इलाकों, जहां आवारा पशुओं की आवाजाही ज्यादा है या जो ब्लैक-स्पॉट के रूप में चिन्हित हैं, वहां पहुंचने से पहले यात्रियों को SMS या फ्लैश SMS अलर्ट भेजे जाएं। इससे ड्राइवर पहले से सतर्क हो सकेंगे और हादसों में कमी आएगी।

डिजिटल हाईवे की ओर मजबूत कदम

मोबाइल नेटवर्क सुधार और सुरक्षा अलर्ट की इस पहल के जरिए NHAI ने यह साफ कर दिया है कि हाईवे सिर्फ कंक्रीट की सड़क नहीं, बल्कि डिजिटल रूप से सशक्त मार्ग होने चाहिए। NHAI का लक्ष्य है कि देश का हर राष्ट्रीय राजमार्ग सुरक्षित हो, तेज हो और डिजिटल रूप से जुड़ा हुआ हो। यह कदम यात्रियों के लिए न सिर्फ सुविधा बढ़ाएगा, बल्कि जान बचाने वाला साबित होगा।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article