देश

फडणवीस से मिल प्रफुल्ल पटेल ने की कैबिनेट पोर्टफोलियो की बात! बोले- जल्द ही पद भरने की जरूरत; जानें कब होगा फैसला

Ajit Pawar Plane Crashed: एनसीपी के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने शुक्रवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि अजित पवार के निधन के बाद उपमुख्यमंत्री और कैबिनेट पोर्टफोलियो के खाली पदों के बारे में जल्द ही फैसला लिया जाएगा।

Image

एनसीपी के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल (बाएं) और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (दाएं) (फोटो साभार: @praful_patel/@Dev_Fadnavis)

Photo : Twitter

Ajit Pawar Plane Crashed: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने शुक्रवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद उन्होंने महाराष्ट्र कैबिनेट के खाली पदों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एनसीपी प्रमुख अजित पवार के निधन के बाद उपमुख्यमंत्री और कैबिनेट पोर्टफोलियो के खाली पदों के बारे में जल्द ही फैसला लिया जाएगा।

प्रफुल्ल पटेल ने फडणवीस से की मुलाकात

समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रफुल्ल पटेल ने संवाददाताओं से कहा कि पवार परिवार और पार्टी नेताओं के साथ चर्चा के बाद अंतिम निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा, "अजित दादा हमारे नेता और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री थे। हमें जल्द ही पद भरने की जरूरत है, और इस बारे में मुख्यमंत्री फडणवीस से बात की है। हम (पवार) परिवार से बात करने के बाद और जनता की भावनाओं के अनुसार जल्द ही फैसला लेने जा रहे हैं।"

क्या सुनेत्रा पवार बनेंगी उपमुख्यमंत्री?

जब एनसीपी सांसद और अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार के उपमुख्यमंत्री का पद संभालने के बारे में पूछा गया तो पटेल ने कहा, "सुनेत्रा पवार का विरोध करने का कोई सवाल ही नहीं है, लेकिन मैं उनसे बात करने के बाद ही टिप्पणी कर सकता हूं। हम पार्टी नेताओं के साथ चर्चा करके निर्णय ले सकते हैं।"

क्या थी अजित पवार की अंतिम इच्छा?

यह अटकलें सुनेत्रा पवार को उपमुख्यमंत्री का चेहरा बनाने और एनसीपी के दोनों गुटों के विलय के बीच आई हैं। विद्या प्रतिष्ठान के सदस्य और पवार परिवार के करीबी सहयोगी किरण गुजर ने शुक्रवार को कहा कि एनसीपी प्रमुख अजित पवार की आखिरी इच्छा दोनों पार्टी गुटों को एकजुट करने की थी। इस बीच, कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने संवाददाताओं के साथ बातचीत में विमान दुर्घटना के पीछे साजिश का आरोप लगाया और घटना के समय पर सवाल उठाया।

वडेट्टीवार ने कहा, "राजेश टोपे ने जो बात कही, एनसीपी के दोनों गुटों का एक साथ आना, सच है। उनकी एक बैठक हुई थी, और एकीकरण की बातचीत चल रही थी। अब, अगर अजित दादा का विमान उसी समय दुर्घटनाग्रस्त हो जाता है, तो यह एक गंभीर मामला है। केवल एक उच्च-स्तरीय जांच ही इसे स्पष्ट कर सकती है।"

चाचा-भतीजा आए थे साथ

एनसीपी और एनसीपी (एसपी) ने पुणे और पिंपरी-चिंचवड नगर निगम चुनावों को एक साथ मिलकर लड़ा था और आगामी जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों के लिए गठबंधन की बात चल रही थी। इस बीच, ऐसी अटकलें थीं कि अजित पवार के निधन से पहले दोनों गुट एक साथ एक ही चिह्न के तहत साथ आएंगे।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article