देश

'फोन टैप होता है, मैं आत्मदाह कर लूंगा', उत्तराखंड के विधायक का दावा-हैकिंग में शामिल है अंतरराष्ट्रीय गिरोह

हल्द्वानी से कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि उन्होंने अपना फोन जांचने के लिए दो लोगों को दिया था। उन लोगों ने फोन हैक होने की आशंका से इनकार किया था, लेकिन बाद में उन्हें पता चला कि वे दोनों खुद इस मामले में संलिप्त हैं।

Image

हल्द्वानी से विधायक हैं सुमित हृदयेश।

Photo : ANI

Sumit Hridyesh : हल्द्वानी से कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश ने बुधवार को आरोप लगाया कि उत्तराखंड में एक 'हैकिंग गिरोह’ नेताओं और उनके परिवारों के फोन हैक कर रहा है। उन्होंने धमकी दी कि 27 अक्टूबर से गैरसैंण में प्रस्तावित विधानसभा सत्र के दौरान वह आत्मदाह करेंगे। हल्द्वानी में संवाददाता सम्मेलन में हृदयेश ने आरोप लगाया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के हैकरों की मदद से नेताओं और उनके परिवारों के फोन हैक किए जा रहे हैं और यह जानकारी प्राप्त की जा रही है कि कौन किससे क्या बात कर रहा है।

'चुनाव के समय 'चालें’ चली जा सकती हैं'

इस संबंध में उन्होंने अपनी पार्टी के बड़े नेताओं जैसे पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और पार्टी की चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह का नाम लेते हुए कहा कि अगर यह जानकारी मिल जाए कि वे किससे और क्या बात कर रहे हैं तो चुनाव के समय 'चालें’ चली जा सकती हैं। हृदयेश ने कहा कि उन्होंने अपना फोन जांचने के लिए दो लोगों को दिया था। उन लोगों ने फोन हैक होने की आशंका से इनकार किया था, लेकिन बाद में उन्हें पता चला कि वे दोनों खुद इस मामले में संलिप्त हैं।

मैं आत्मदाह कर लूंगा-विधायक

उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले साल 24 अप्रैल को उन्होंने इस संबंध में दोनों लोगों के खिलाफ पुलिस में नामजद शिकायत दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। विधायक ने कहा कि उन्हें अपनी पत्नी और 15 वर्षीय बेटी की चिंता है, क्योंकि यह गिरोह बिना किसी भय के सक्रियता से काम कर रहा है। उन्होंने धमकी दी कि वह इसके विरोध में गैरसैंण में विधानसभा सत्र के दौरान आत्मदाह करेंगे। हृदयेश ने कहा, 'मैं आत्मदाह का प्रयास नहीं, बल्कि आत्मदाह करूंगा। हर हाल में करूंगा। अपने लिए नहीं करूंगा, लोकतंत्र के लिए करूंगा। अगर निजता नहीं है, तो बचा ही क्या है।’ हालांकि, उन्होंने इस संबंध में किसी का नाम लेने से इनकार कर दिया और कहा कि यह जांच का विषय है। उन्होंने कहा कि उनकी शिकायत पर कार्रवाई होगी तो जांच में सब पता चल जाएगा।

जिंदगी पर बड़ा खतरा पैदा हो सकता है-हृदयेश

इसमें राज्य सरकार की भूमिका के बारे में पूछे जाने पर भी उन्होंने कहा कि वह नहीं मानते कि राज्य ऐसी चीजें करता है। उन्होंने कहा, 'मुख्यमंत्री से उनके व्यक्तिगत रिश्ते हैं और वह उन्हें अच्छा व्यक्ति मानते हैं।' हृदयेश ने यह भी कहा कि इस मामले को सार्वजनिक करने से उनकी जिंदगी पर बहुत बड़ा खतरा पैदा हो सकता है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत ने भी ह्रदयेश द्वारा उठायी गयी बातों को अत्यंत चिंताजनक बताया है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा, 'सार्वजनिक जीवन में सक्रिय व्यक्तियों के सामने संगठित गिरोह किस प्रकार की असहज और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियां उत्पन्न कर सकते हैं, इसकी आशंका उन्होंने व्यक्त की है। साथ ही, ऐसे गिरोहों को प्राप्त संरक्षण की ओर भी उन्होंने संकेत किया है। उनकी प्रेस वार्ता का विस्तृत विवरण सुनने के बाद मैं बेहद चिंतित हूं।’

रावत ने ह्रदयेश से पूरे धैर्य, साहस और संयम के साथ इस परिस्थिति का सामना करने को कहा। उन्होंने कहा, 'इस कठिन समय में हम सब उनके साथ खड़े हैं और हर परिस्थिति में उनके साथ रहेंगे।’

(एजेंसी इनपुट)

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!