देश

मुंबई और इंदौर के बीच बनेगी 309 KM लंबी रेलवे लाइन, 18,036 करोड़ रुपये होंगे खर्च

Mumbai Indore New Railway Line: मुंबई और इंदौर नई रेलवे लाइन परियोजना के तहत महाराष्ट्र तथा मध्य प्रदेश के छह जिले आएंगे। इससे भारतीय रेलवे के मौजूदा नेटवर्क में करीब 309 किलोमीटर की वृद्धि होगी।

Image

मुंबई-इंदौर रेल लाइन को मिली मंजूरी (फोटो- Canva)

KEY HIGHLIGHTS
  • पीएम-गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान के तहत मंजूरी
  • दोनों शहरों के बीच सबसे छोटी रेल संपर्क सुविधा प्रदान करेगी
  • परियोजना की कुल लागत 18,036 करोड़ रुपये आंकी गई है

Mumbai Indore New Railway Line: मुंबई और इंदौर के बीच नई रेलवे लाइन बनने जा रही है। मुंबई-इंदौर नई रेलवे लाइन को बनाने में 18036 करोड़ रुपये खर्च होंगे। मोदी कैबिनेट ने सोमवार को मुंबई और इंदौर के बीच नई रेलवे लाइन की मंजूरी दे दी है।

मुंबई-इंदौर रेलवे लाइन कब तक बनेगा

मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति (सीसीईए) ने दो प्रमुख वाणिज्यिक केंद्रों मुंबई और इंदौर के बीच 309 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन परियोजना को सोमवार को मंजूरी दे दी। यह परियोजना दोनों शहरों के बीच सबसे छोटी रेल संपर्क सुविधा प्रदान करेगी। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने यह जानकारी देते हुए कहा कि परियोजना की कुल लागत 18,036 करोड़ रुपये आंकी गई है। यह 2028-29 तक पूरी होगी।

मुंबई-इंदौर रेलवे लाइन की लंबाई

यह परियोजना ‘मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी’ के लिए पीएम-गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान का परिणाम है जो एकीकृत योजना के जरिये संभव हो पाया है। यह लोगों, वस्तुओं तथा सेवाओं की आवाजाही के लिए निर्बाध संपर्क प्रदान करेगी। इस परियोजना के तहत महाराष्ट्र तथा मध्य प्रदेश के छह जिले आएंगे। इससे भारतीय रेलवे के मौजूदा नेटवर्क में करीब 309 किलोमीटर की वृद्धि होगी।

परियोजना की बड़ी बातें

  • यह देश के पश्चिमी/दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों और मध्य भारत के बीच एक छोटा मार्ग प्रदान करके क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देगी।
  • इससे श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर सहित उज्जैन-इंदौर क्षेत्र के विभिन्न पर्यटन/धार्मिक स्थलों पर पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी।
  • यह परियोजना जेएनपीए के प्रवेश द्वार बंदरगाह और अन्य राज्य बंदरगाहों से पीथमपुर वाहन केंद्र (जिसमें 90 बड़ी इकाइयां और 700 लघु तथा मझोले उद्योग हैं) को सीधी संपर्क सुविधा प्रदान करेगी।
  • साथ ही मध्य प्रदेश के बाजरा उत्पादक जिलों और महाराष्ट्र के प्याज उत्पादक जिलों को भी सीधी संपर्क प्रदान करेगी जिससे देश के उत्तरी तथा दक्षिणी हिस्सों में वितरण की सुविधा उपलब्ध होगी।
  • यह कृषि उत्पादों, उर्वरक, कंटेनर, लौह अयस्क, इस्पात, सीमेंट, पेट्रोलियम, तेल और लुब्रिकेंट (पीओएल) जैसी वस्तुओं के परिवहन के लिए यह एक आवश्यक मार्ग है।
  • क्षमता वृद्धि के चलते प्रतिवर्ष करीब 2.6 करोड़ टन की अतिरिक्त माल ढुलाई होगी।
  • इससे जलवायु लक्ष्यों को प्राप्त करने और देश की लॉजिस्टिक की लागत में कटौती करने, तेल आयात (18 करोड़ लीटर) को घटाने और कार्बन उत्सर्जन (138 करोड़ किलोग्राम) को कम करने में मदद मिलेगी, जो 5.5 करोड़ पेड़ लगाने के बराबर है।
  • परियोजना के तहत 30 नए स्टेशन बनाए जाएंगे जिससे बड़वानी जिले को बेहतर संपर्क मिलेगा।
  • नई रेल लाइन से करीब 1,000 गांवों और लगभग 30 लाख आबादी के लिए संपर्क मुमकिन होगा।
Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article