देश

मेलबर्न में महात्मा गांधी की प्रतिमा से छेड़छाड़, भारत की ऑस्ट्रेलियाई सरकार से तत्काल कार्रवाई की मांग

विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत ने ऑस्ट्रेलियाई सरकार से इस घटना पर “तत्काल कदम” उठाने का आग्रह किया है।

Image

मेलबर्न में महात्मा गांधी की कांस्य प्रतिमा चोरी (फाइल फोटो)

भारत ने ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न स्थित ऑस्ट्रेलियन इंडियन कम्युनिटी सेंटर से महात्मा गांधी की प्रतिमा के साथ की गई तोड़फोड़ और उसे हटाए जाने की कड़ी निंदा की है। भारत सरकार ने इस मामले को ऑस्ट्रेलिया के संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाते हुए प्रतिमा की बरामदगी और दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत ने ऑस्ट्रेलियाई सरकार से इस घटना पर 'तत्काल कदम' उठाने का आग्रह किया है।मीडिया के सवालों के जवाब में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, “मेलबर्न के रोविल स्थित ऑस्ट्रेलियन इंडियन कम्युनिटी सेंटर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के साथ अज्ञात लोगों द्वारा की गई तोड़फोड़ और उसे हटाए जाने की हम कड़े शब्दों में निंदा करते हैं। हमने यह मामला ऑस्ट्रेलियाई अधिकारियों के समक्ष मजबूती से उठाया है और उनसे आग्रह किया है कि वे लापता प्रतिमा को जल्द से जल्द बरामद करें और दोषियों को जवाबदेह ठहराएं।”

विदेश मंत्रालय का यह बयान स्थानीय मीडिया में आई उन खबरों के बाद सामने आया, जिनमें दावा किया गया कि रोविल स्थित ऑस्ट्रेलियन इंडियन कम्युनिटी सेंटर से महात्मा गांधी की कांस्य प्रतिमा चोरी कर ली गई है। इस घटना से मेलबर्न में रहने वाले भारतीय समुदाय में गहरी चिंता फैल गई है।

नॉक्स क्राइम इन्वेस्टिगेशन यूनिट के अधिकारी इस चोरी की जांच कर रहे हैं

विक्टोरिया पुलिस ने सोमवार को बताया कि नॉक्स क्राइम इन्वेस्टिगेशन यूनिट के अधिकारी इस चोरी की जांच कर रहे हैं। द ऑस्ट्रेलिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना 12 जनवरी की रात करीब 12:50 बजे (स्थानीय समय) किंग्सले क्लोज स्थित चैरिटी परिसर में हुई, जहां से तीन अज्ञात लोग प्रतिमा को चुरा ले गए।

पुलिस ने स्क्रैप मेटल डीलरों को भी सतर्क रहने की सलाह दी है

पुलिस ने स्क्रैप मेटल डीलरों को भी सतर्क रहने की सलाह दी है और कहा है कि यदि कोई व्यक्ति कांस्य प्रतिमा बेचने की कोशिश करता है तो इसकी तुरंत सूचना दी जाए। इसके अलावा, पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास घटना से जुड़ी जानकारी, सीसीटीवी फुटेज या प्रत्यक्ष जानकारी हो तो वे क्राइम स्टॉपर्स से संपर्क करें।

यह प्रतिमा भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद द्वारा उपहार स्वरूप दी गई थी

गौरतलब है कि महात्मा गांधी की यह प्रतिमा भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद द्वारा उपहार स्वरूप दी गई थी और इसका उद्घाटन वर्ष 2021 में तत्कालीन ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने किया था। यह प्रतिमा ऑस्ट्रेलिया में भारतीय समुदाय के लिए सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और प्रतीकात्मक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जाती है।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article