Parliament Monsoon Session: लोकसभा में शुक्रवार को मुंगेर के सांसद और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने विपक्ष पर जमकर हमला बोला। उन्होंने खासकर कांग्रेस को आड़े हाथों लिया और कहा कि अभी तो बस शुरुआत है। यह तो पहला साल है, अगले पांच साल में मैदान में कहीं नजर नहीं आइएगा। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि वही होगा कि 99 पर सांप काटेगा और जीरो पर पहुंच जाइएगा।
विपक्ष के आरोपों पर ललन सिंह का जवाब
बजट में बिहार और आंध्र प्रदेश पर ज्यादा ध्यान देने के विपक्ष के आरोपों पर ललन सिंह ने जवाब देते हुए कहा कि हमारा गठबंधन चुनाव से पहले का है। चाहे जदयू हो या टीडीपी। उन्होंने कहा कि हमारा गठबंधन फेविकोल से चिपका हुआ है। इसके बाद उन्होंने कहा कि आपके साथ भी रहकर आपका चरित्र देख चुके हैं। आप लोगों को सत्ता मिला नहीं कि गिद्ध की तरह नोचना शुरू देते हैं।
गठबंधन को लेकर क्या बोले ललन सिंह?
केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने कहा, ''हमें पांच साल के लिए पूर्ण बहुमत मिला हुआ है। हमारा गठबंधन मजबूत है, जो चुनाव से पहले का गठबंधन है। आप क्लिन बोल्ड हो चुके हैं चिंता मत करिए।''
विपक्ष ने बजट पर साधा था निशाना
बता दें कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा केंद्रीय बजट पेश करने के बाद विपक्षी दलों ने आरोप लगाया है कि यह बजट कुर्सी बचाओ बजट है, क्योंकि इस बजट में बिहार और आंध्र प्रदेश पर ज्यादा ध्यान दिया गया है।
