Karnataka Congress: कर्नाटक में कांग्रेस नेतृत्व परिवर्तन को लेकर एक बार फिर चर्चाएं तेज हो चुकी हैं। सीएम सिद्धारमैया को पार्टी हाईकमान ने दिल्ली बुलाया है। कांग्रेस केंद्रीय नेतृत्व ने उन्हें 26 मई को दिल्ली पहुंचने के लिए कहा है।
इस बुलावे से कर्नाटक के सियासी गलियारो में हलचल मचा दी है। बता दें कि मुख्यमंत्री पद को लेकर सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के बीच लंबे समय से सियासी खींचातान जारी है।
'हाईकमान जल्द कोई साफ फैसला ले'
करीब डेढ़ साल से डीके शिवकुमार के समर्थक लगातार दावा करते रहे हैं कि जल्द ही नेतृत्व परिवर्तन होगा और उन्हें मुख्यमंत्री बनाया जाएगा। कई बार डीके शिवकुमार खुद दिल्ली आकर आलाकमान से मुलाकात कर चुके हैं। सूत्रों के मुताबिक कई नेता चाहते हैं कि हाईकमान जल्द कोई साफ फैसला ले, क्योंकि लंबे समय से चल रही अटकलें पार्टी के कामकाज को प्रभावित कर रही है।
किन मुद्दों पर हो सकती है बात?
सवाल है कि अगर सीएम सिद्धारमैया और कांग्रेस आलाकमान के साथ होने वाली बैठक के मुख्य एजेंडे क्या हो सकते हैं? दरअसल, इस बैठक का मकसद आगामी चुनावों और संगठन को मजबूत करना बताया जा रहा है। आगामी राज्यसभा चुनाव और विधान परिषद (MLC) चुनावों के लिए उम्मीदवारों के चयन और तैयारियों पर मंथन। कर्नाटक में कांग्रेस सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना। सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री सिद्धारमैया की राहुल गांधी से अलग से मुलाकात हो सकती है, जिसमें राज्य सरकार की कार्यशैली और भविष्य की रणनीति पर विस्तार से बात होगी।
दोनों नेताओं की क्या है स्थिति?
बता दें कि कर्नाटक सीएम को लेकर दिग्गज नेता सिद्धारमैया का पलड़ा भारी माना जा रहा है। खुद राहुल गांधी और ज्यादातर विधायक उनके पक्ष में हैं। हालांकि, सूत्रों के मुताबिक, डीके शिवकुमार की तरफ पार्टी चेयनपर्सन सोनिया गांधी का झुकाव ज्यादा माना जा रहा है। ऐसे में सीएम के चेहरे को लेकर बात अभी अटकी हुई है।
