Jharkhand Protest: झारखंड में जारी छात्रों के विधानसभा मार्च के बीच सीआईडी ने बड़ा एक्शन लिया है। सीआईडी ने JPSC के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते को गिरफ्तार कर लिया है। JPSC के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते पर परीक्षा में गड़बड़ियों को लेकर गंभीर आरोप लगे हैं। यह गिरफ्तारी तब हुई है, जब रांची में JPSC-JSSC उम्मीदवार एक्शन को लेकर कई दिनों से अनशन पर हैं। छात्र संगठन JSSC-CGL परीक्षा की पूरी और स्वतंत्र CBI जांच के साथ-साथ JPSC और JSSC, दोनों में व्यापक सुधारों की मांग कर रहे हैं।
जेपीसी के पूर्व चेयरमैन गिरफ्तार (AI Photo)
22 जुलाई को दिया था इस्तीफा
भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 1988 बैच के अधिकारी रहे खियांग्ते को राज्य के मुख्य सचिव पद से सेवानिवृत्त होने के बाद पिछले साल फरवरी में झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। उन्होंने 22 जुलाई को इस पद से इस्तीफा दे दिया था। अपर पुलिस महानिदेशक (सीआईडी) मनोज कौशिक ने ’पीटीआई-भाषा’ को बताया, ’’हमने भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं के सिलसिले में जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एल खियांग्ते को गिरफ्तार किया है।’’
चार बार हो चुकी है पूछताछ
खियांगते से 28 जुलाई के बाद से अबतक चार बार पूछताछ की गई है। यह गिरफ्तारी एजेंसी द्वारा आयोजित भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर अभ्यर्थियों के विरोध प्रदर्शन के बीच जीपीएससी के तीनों सदस्यों के इस्तीफे के एक दिन बाद हुई है। जेपीएससी के तीनों सदस्यों -अजीता भट्टाचार्य, अनिमा हांसदा और जमाल अहमद- ने रविवार को इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने यह कदम सीआईडी द्वारा पूछताछ के लिए तलब किये जाने के बाद उठाया। खियांगते की गिरफ्तारी के साथ, इस मामले में सीआईडी अबतक कुल 20 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। खियांगते ने कथित अनियमितताओं के मामले में सीआईडी द्वारा उनके सरकारी आवास समेत कई जगहों पर तलाशी लिये जाने से एक दिन पहले ही जीपीएससी अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था।
छात्रों का विधानसभा मार्च
परीक्षा में अनियमितताओं का विरोध कर रहे प्रतियोगी परीक्षाओं के हजारों अभ्यर्थियों ने सोमवार को झारखंड विधानसभा की ओर मार्च किया और एक के बाद एक कई अवरोधक तोड़ते हुए आगे बढ़े जिसके बाद पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए पानी की बौछारें कीं और लाठीचार्ज किया। हाथों में तिरंगा और तख्तियां लिए प्रदर्शनकारी जब नए विधानसभा परिसर की ओर जाने वाले मार्ग पर जगन्नाथपुर मंदिर के पास अंतिम अवरोधक तक पहुंचे तब पुलिस ने उन पर पानी की बौछारें कीं और लाठीचार्ज भी किया। पुलिस द्वारा पानी की बौछारें करते ही प्रदर्शनकारी झूम उठे। छात्रों ने प्रदर्शन के 17वें दिन अपनी मांगों के समर्थन में नारे लगाए।
प्रदर्शनकारी छात्र 14वीं झारखंड लोक सेवा आयोग सिविल सेवा परीक्षा समेत कई भर्ती परीक्षाओं को रद्द करने और कथित अनियमितताओं की स्वतंत्र जांच की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि यह जांच या तो केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराई जाए या राज्य के बाहर के उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीशों की समिति से कराई जाए।
