Jhalmuri Vendor Death Threat Case: पश्चिम बंगाल के झारग्राम में एक झालमुड़ी विक्रेता को जान से मारने की धमकियां मिलने का मामला सामने आया है। यह वही दुकानदार है, जिसकी दुकान पर चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) रुके थे और झालमुड़ी खाई थी। इस घटना के बाद दुकानदार काफी चर्चा में आ गया था। जानकारी के अनुसार, विक्रेता का नाम विक्रम साउ (Vikram Sau) है। वह झाड़ग्राम के कॉलेज मोड़ के पास एक छोटी सी झालमुड़ी की दुकान चलाते हैं। चुनावी प्रचार के दौरान पीएम मोदी कुछ देर के लिए उनकी दुकान पर रुके थे। उस समय विक्रम साउ ने प्रधानमंत्री को बंगाल का मशहूर नाश्ता झालमुड़ी परोसा था। इस मुलाकात के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई थीं।
लगातार धमकी भरे फोन कॉल और संदेश
अब विक्रम साउ का आरोप है कि चुनाव परिणाम आने के बाद से उन्हें लगातार धमकी भरे फोन कॉल और संदेश मिल रहे हैं। उनका कहना है कि 19 मई को उन्हें पहली बार एक फोन नंबर से धमकी मिली। इसके बाद कई आपत्तिजनक और डराने वाले संदेश भी भेजे गए। हालांकि उन्होंने सभी संदेशों की जानकारी सार्वजनिक नहीं की है, लेकिन उन्होंने कहा कि इन धमकियों के कारण वह काफी डरे हुए हैं। बताया जा रहा है कि धमकियां मिलने के बाद विक्रम साउ ने अपनी दुकान पर नियमित रूप से बैठना भी कम कर दिया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पश्चिम बंगाल पुलिस ने शुरू की जांच
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से वह काफी परेशान और डरे हुए नजर आ रहे हैं। हालांकि दुकान खुली हुई है, लेकिन वह पहले की तरह सामान्य तरीके से काम नहीं कर पा रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पश्चिम बंगाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस उस फोन नंबर की जांच कर रही है, जिससे कथित धमकी भरे कॉल किए गए थे। साथ ही मिले संदेशों की भी जांच की जा रही है। फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। घटना के बाद इलाके में चिंता का माहौल बना हुआ है।
