देश

पी टी उषा के पति वी श्रीनिवासन का निधन, पीएम मोदी ने जताया शोक

भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद पी टी उषा के पति वी श्रीनिवासन का शुक्रवार तड़के निधन हो गया। 67 वर्षीय श्रीनिवासन सुबह अपने आवास पर बेहोश हो गए थे, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन बचाया नहीं जा सका।

Image

पी टी उषा के पति वी श्रीनिवासन का निधन (फोटो- @KirenRijiju)

भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद पी टी उषा के पति वी श्रीनिवासन का शुक्रवार तड़के निधन हो गया। वह 67 वर्ष के थे। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, आज सुबह अपने आवास पर वह अचानक बेहोश हो गए, जिसके बाद उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनके निधन से खेल और सामाजिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

कब्बडी खिलाड़ी थे वी श्रीनिवासन

वी श्रीनिवासन केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) में इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत रह चुके थे। सेवा से जुड़े अपने कर्तव्यों के साथ-साथ वे खेलों से भी गहराई से जुड़े रहे। मलप्पुरम जिले के पोन्नानी के मूल निवासी श्रीनिवासन स्वयं एक पूर्व कबड्डी खिलाड़ी थे और खेलों के प्रति उनका समर्पण जीवन भर बना रहा। उन्होंने पी टी उषा के खेल जीवन और बाद में उनके सार्वजनिक व राजनीतिक सफर में हमेशा मजबूत सहारा बनकर साथ दिया। उषा की उपलब्धियों के पीछे उनके निरंतर समर्थन और प्रेरणा को अहम माना जाता है।

उषा स्कूल ऑफ एथलेटिक्स की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका

श्रीनिवासन ने उषा स्कूल ऑफ एथलेटिक्स की स्थापना में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। यह संस्थान देश को कई उभरते हुए एथलीट देने में सफल रहा है और भारतीय खेल जगत में इसका विशेष स्थान है। उनके योगदान को खेलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक अहम प्रयास के रूप में देखा जाता है।

पीएम मोदी ने जताया शोक

उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है। भाजपा सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने पी टी उषा से फोन पर बात कर उन्हें सांत्वना दी और इस कठिन समय में अपनी संवेदना प्रकट की। वी श्रीनिवासन के परिवार में उनकी पत्नी पी टी उषा और एक बेटा उज्ज्वल हैं। उनके निधन को न सिर्फ परिवार बल्कि खेल जगत के लिए भी एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article