सभी एयपोर्ट से IndiGo की उड़ानें फिलहाल शुरू, 15 दिसंबर तक सामान्य होंगी सेवा, यात्रियों के लिए रेलवे ने किए खास प्रबंध
- Edited by: आलोक कुमार राव
- Updated Dec 6, 2025, 08:54 AM IST
प्रभावित यात्रियों के लिए रेलवे ने अपनी तरफ से खास इंतजाम किए हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने अतिरिक्त स्पेशल गाड़ियां चलाई हैं। रेलवे कीतरफ से 37 ट्रेनों में 116 अतिरिक्त कोच लगाए गए हैं। वहीं, नागर विमानन मंत्रालय कंट्रोल रूम से चौबीस घंटे फ्लाइट ऑपरेशन, अपडेट और किराए की निगरानी कर रहा है।
इंडिगो की उड़ान सेवा पूरी तरह बहाल होने में अभी वक्त लगेगा। तस्वीर-ANI
IndiGo flight fiasco: इंडिगो यात्रियों में मची अफरा-तफरी के बीच एक अच्छी खबर आई है। देश भर के हवाई अड्डों से इस विमानन कंपनी की उड़ानें फिलहाल शुरू हो गई हैं लेकिन इसे पूरी तरह से पटरी पर लौटने में अभी समय लगेगा। रिपोर्टों के मुताबिक इंडिगो की उड़ान सेवा 10 -15 दिसंबर तक सामान्य हो पाएगी। हालांकि, फ्लाइट्स के अपडेट्स जानने और टिकट के रिफंड को लेकर यात्री अभी भी समस्या का सामना कर रहे हैं। इस बीच, प्रभावित यात्रियों के लिए रेलवे ने अपनी तरफ से खास इंतजाम किए हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने अतिरिक्त स्पेशल गाड़ियां चलाई हैं। रेलवे कीतरफ से 37 ट्रेनों में 116 अतिरिक्त कोच लगाए गए हैं। वहीं, नागर विमानन मंत्रालय कंट्रोल रूम से चौबीस घंटे फ्लाइट ऑपरेशन, अपडेट और किराए की निगरानी कर रहा है।
रेलवे ने 37 प्रीमियम ट्रेन में 116 कोच बढ़ाए
उत्तर रेलवे ने विमानन कंपनी इंडिगो की उड़ान सेवाओं में व्यवधान के मद्देनजर यात्रियों की सुविधा के लिए शुक्रवार को 37 ‘प्रीमियम ट्रेन’ में 116 कोच बढ़ाने का फैसला किया। रेल मंत्रालय की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि दक्षिणी रेलवे (एसआर) ने सबसे अधिक संख्या में संवर्द्धन कार्य किए हैं, तथा 18 ट्रेनों की क्षमता में वृद्धि की है।
अन्य ट्रेनों में भी बढ़ेंगे अतिरिक्त कोच
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि यात्रियों की बढ़ती जरूरतों के मद्देनजर 12425/26 जम्मू राजधानी एक्सप्रेस और 12424/23 डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस में ‘थर्ड एसी’ का एक-एक डिब्बा बढ़ाया गया है। उपाध्याय ने बताया, 'इसी तरह, चंडीगढ़ 12045/46 शताब्दी एक्सप्रेस और 12030/29 अमृतसर शताब्दी एक्सप्रेस में भी एसी चेयर कार का एक-एक डिब्बा बढ़ाया गया है।' अधिकारियों ने बताया कि ये बदलाव इन ट्रेन की आगामी सेवाओं से लागू होंगे और समस्या बनी रहने तक जारी रहेंगे। सूत्रों के अनुसार, यात्रियों की मांग में अचानक वृद्धि के कारण रेलवे नयी दिल्ली एवं पटना, मुंबई एवं नयी दिल्ली, अहमदाबाद और नयी दिल्ली के बीच चलने वाली कई ‘प्रीमियम ट्रेन’ में सभी प्रकार के एसी डिब्बों की संख्या बढ़ाने पर काम कर रहा है।
इंडिगो की 1,000 से अधिक उड़ानें रद्द
इंडिगो की 1,000 से अधिक उड़ानें रद्द किये जाने के बीच एयरलाइन के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पीटर एल्बर्स ने शुक्रवार को कहा कि 10 से 15 दिसंबर के बीच स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है। एल्बर्स ने एक वीडियो संदेश में उड़ानें रद्द होने के कारण यात्रियों को हुई भारी असुविधा के लिए माफी मांगी। उन्होंने कहा, 'दुर्भाग्यवश पिछले कुछ दिनों में उठाए गए कदम पर्याप्त साबित नहीं हुए हैं। इसलिए हमने आज अपनी सभी प्रणाली और समय-सारिणियों को पुनः चालू करने का निर्णय लिया है। इसके परिणामस्वरूप अब तक सबसे अधिक उड़ानें रद्द हुई हैं, लेकिन यह सुधार और कामकाज बेहतर बनाने के लिए जरूरी है।'
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।