दिल्ली में आज शाम यानी 11 अगस्त 2025 को टाइम्स नाउ अमेज़िंग इंडियन्स अवॉर्ड्स 2025 का भव्य आयोजन होने जा रहा है। इस प्रतिष्ठित समारोह के चौथे संस्करण के लिए रेड कार्पेट बिछ चुका है और मंच सज चुका है, जिसका उद्देश्य उन असाधारण व्यक्तियों को सम्मानित करना है, जिन्होंने अपने अद्भुत कार्यों से मिसाल कायम की है।
यह अवॉर्ड नाइट उन 'साइलेंट वॉरियर्स' को समर्पित होगी, जो निःस्वार्थ भाव से जरूरतमंदों की जिंदगी बदलने में जुटे हैं। ये परिवर्तनकारी हस्तियां अदम्य समर्पण, करुणा, प्रतिबद्धता और इनोवेशन का परिचय देते हुए समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।
इस साल के समारोह की शोभा बढ़ाएंगे केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री तथा युवा मामले और खेल मंत्री मनसुख लक्ष्मणभाई मांडविया। उनके साथ उद्योग जगत की प्रतिष्ठित हस्तियां भी मौजूद रहेंगी, जिन्होंने नामांकित प्रतिभागियों के विशाल समूह से विजेताओं का चयन करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। चयन प्रक्रिया बेहद कठोर और विचारशील रही, जिसमें हमारे नॉलेज पार्टनर EY के इनसाइट्स और एक विशिष्ट ज्यूरी पैनल का सहयोग शामिल था।
इस वर्ष की 12 श्रेणियां, जो भारत की विविध चुनौतियों और अवसरों को दर्शाती हैं :
- कृषि
- पशु कल्याण
- विकलांगता, समावेशन और सुलभता
- ग्रामीण और झुग्गी बस्ती विकास
- टेक फॉर गुड – सामाजिक नवाचार
- मानवाधिकार एवं कानूनी सहायता
- खाद्य प्रबंधन और पोषण
- शिक्षा और कौशल विकास
- पर्यावरण और सतत विकास
- बालिका एवं महिला सशक्तिकरण
- स्वास्थ्य सेवा
- जल और स्वच्छता
सैकड़ों प्रविष्टियों में से ऐसी प्रेरक कहानियां उभरकर सामने आई हैं, जिनमें ग्रामीण स्वच्छता में क्रांति लाने वाली महिलाएं; स्वास्थ्य सेवा तक पहुंच के लिए एआई आधारित तकनीक विकसित करने वाले जमीनी स्तर के नवप्रवर्तक; जलवायु परिवर्तन से जूझते किसान; और भूले-बिसरे इलाकों में शिक्षा की मशाल जलाने वाले शिक्षक शामिल हैं। ज्यूरी ने हर प्रविष्टि का बारीकी से अध्ययन किया और ऐसे व्यक्तियों को चुना जिनके कार्य सुर्खियों से परे रहकर भी गहरी छाप छोड़ते हैं।
इस वर्ष की ज्यूरी में शामिल हैं -
- नीरजा बिरला, संस्थापक एवं चेयरपर्सन, आदित्य बिरला एजुकेशन ट्रस्ट
- प्रसून जोशी, चेयरमैन, मैक्कैन एशिया पैसिफिक; सीईओ और सीसीओ, मैक्कैन वर्ल्डग्रुप इंडिया
- आशीष कुमार चौहान, एमडी और सीईओ, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया
- पद्मजा रुपारेल, सह-संस्थापक, इंडियन एंजल नेटवर्क (IAN) ग्रुप
- संजीव भिखचंदानी, संस्थापक एवं एग्जीक्यूटिव वाइस चेयरमैन, इंफो ऐज इंडिया लिमिटेड
इनका मिशन स्पष्ट था - साधारण नागरिकों द्वारा किए गए असाधारण कार्यों को प्रकाश में लाना। ये वही अमेज़िंग इंडियन्स हैं, जो बिना किसी मीडिया चर्चा के अपने समुदाय में बड़ा बदलाव लाते हैं।
अमेज़िंग इंडियन्स को सम्मानित करने का यह प्रयास वर्षों से और भी मजबूत होता गया है। पिछली कड़ियों में सोनाली बेंद्रे, उपासना कमिनेनी, डॉ. नंबी नारायणन, आनंद कुमार (सुपर 30), उस्ताद अमजद अली खान, सोनम वांगचुक, डॉ. रंगराजन (पूर्व निदेशक, MCF ISTRAC Satcomm-ISRO), और पूर्व भारतीय सेना प्रमुख जनरल एम.एम. नरवणे (सेवानिवृत्त) जैसी हस्तियां साहस और बदलाव की कहानियों का मूल्यांकन कर चुके हैं।
2025 का यह संस्करण भी प्रेरणादायक साबित होगा।
