देश

फ्लू पर कड़ी नजर: H3N2 और Influenza-B सामान्य स्ट्रेन ही चल रहे, हालात पूरी तरह नियंत्रण में , स्वास्थ्य मंत्री ने की तैयारियों की समीक्षा

स्वास्थ्य मंत्री ने देशभर की तैयारियों की समीक्षा की।रिपोर्ट के अनुसार फिलहाल फ्लू के मामलों में कोई असामान्य बढ़ोतरी नहीं है और सामान्य स्ट्रेन ही चल रहे हैं।मंत्री ने राज्यों और अस्पतालों को तत्काल तैयारी और नियमित मॉक ड्रिल के निर्देश दिए।

Image

फ्लू पर कड़ी नजर: H3N2 और Influenza-B सामान्य स्ट्रेन ही चल रहे, हालात पूरी तरह नियंत्रण में , स्वास्थ्य मंत्री ने की तैयारियों की समीक्षा

सर्दियां शुरू होते ही फ्लू और सांस से जुड़ी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसी को देखते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने मंगलवार को एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की और देशभर में इंफ्लूएंजा पर निगरानी और तैयारी की स्थिति का जायज़ा लिया। बैठक में स्वास्थ्य सचिव पुण्या सलीला श्रीवास्तव, DGHS डॉ. सुनीता शर्मा, संयुक्त सचिव (पब्लिक हेल्थ) वंदना जैन, NCDC के निदेशक प्रो. (डॉ.) रंजन दास और IDSP और डिजास्टर मैनेजमेंट सेल के विशेषज्ञ मौजूद रहे। बैठक कर्तव्य भवन–1 में आयोजित हुई।

अधिकारियों ने बताया कि भारत में फ्लू के दो पीक सीज़न होते हैं

अगस्त–अक्टूबर (मानसून पीक)

जनवरी–मार्च (सर्दी का पीक)

2014–15 में फ्लू के मामलों में आए तेज उछाल का ज़िक्र करते हुए मंत्री ने मौजूदा स्थिति और वायरस के स्ट्रेन में किसी बदलाव पर अपडेट मांगा।

NCDC और IDSP ने मंत्री को जानकारी दी कि फिलहाल भारत और दुनिया दोनों जगह फ्लू के मामलों में कोई असामान्य बढ़ोतरी नहीं है। H3N2 और Influenza B (Victoria) जैसे सामान्य रूप से पाए जाने वाले स्ट्रेन ही चल रहे हैं। H1N1 के केवल सीमित मामले दर्ज हो रहे हैं। देश में निगरानी के लिए तैयार उन्नत सिस्टम्स की भीजानकारी दी गई जिसमें शामिल हैं-

  • IDSP की ILI और SARI मॉनिटरिंग नेटवर्क
  • मीडिया स्कैनिंग के ज़रिए AI आधारित सर्विलांस
  • ICMR की रेस्पिरेटरी पैथोजन्स के लिए सेंटिनल निगरानी

स्वास्थ्य मंत्री ने दिए निर्देश

इन सभी में अब तक किसी भी तरह की असामान्य बढ़ोतरी नज़र नहीं आई है। इसके साथ ही NCDC प्रमुख प्रो. (डॉ.) रंजन दास ने बताया कि इस महीने दो दिन का राष्ट्रीय ‘चिंतन शिविर ऑन इंफ्लूएंजा’ आयोजित किया जा रहा है, ताकि सभी मंत्रालयों, विभागों और राज्यों के साथ मिलकर आगे की रणनीति तय की जा सके। स्वास्थ्य मंत्री ने चल रही तैयारियों की सराहना करते हुए निर्देश दिएसभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को सलाह जारी की जाए और केंद्रीय सरकारी अस्पतालों में तैयारियों की तुरंत समीक्षा हो, जिला अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों की समीक्षा दो सप्ताह के भीतर पूरी की जाए।स्वास्थ्य सुविधाओं में नियमित मॉक ड्रिल कराई जाए। भारत में फिलहाल फ्लू या किसी नए स्ट्रेन का खतरा नहीं है, लेकिन सरकार पूरी सतर्कता के साथ तैयारियों को और मजबूत कर रही है ताकि सर्दियों में बढ़ने वाले मौसमी फ्लू से निपटा जा सके।

bhawana gupta
भावना किशोरauthor

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मूल की भावना ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIMC से 2014 में पत्रकारिता की पढ़ाई की. 12 सालों से मीडिया में काम कर रही हैं. न्यूज़ नेशन, इंडिया न्यूज़, टीवी 9 भारतवर्ष और ज़ी न्यूज़, न्यूज 18 में काम करने का अनुभव. अभी Times Now में Special correspondent हैं.दिल्ली सरकार, स्वास्थ्य ,रेल, कल्चरल, शिक्षा मंत्रालयों के साथ दिल्ली क्राइम ,पॉलिटिक्स और राजधानी की हर छोटी बड़ी खबरों पर खास तौर से नजर रखती हैं. लोगों से जुड़ी खबरों पर काम करने और लोगों तक सही और सटीक खबरें पहुंचाने को अपना मकसद मानती हैं।

और पढ़ें
End of Article