देश

India Bloc Seat Sharing: बिहार में JDU ने कर दिया साफ, 16 सीट से नीचे कोई बात नहीं, इधर AAP-CONG के बीच हुई मीटिंग

  • Edited by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Jan 8, 2024, 09:04 PM IST

India Bloc Seat Sharing: कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं ने लोकसभा चुनाव के लिए सीटों के बंटवारे पर चर्चा के लिए सोमवार को यहां बैठक की और इस बात पर जोर दिया कि वे एकजुट होकर भारतीय जनता पार्टी को शिकस्त देंगे।

Image

इंडिया गठबंधन में सीट शेयरिंग विवाद

Photo : PTI

India Bloc Seat Sharing: इंडिया गठबंधन में सीट शेयरिंग को लेकर कुछ राज्यों में ज्यादा तो कुछ में कम लेकिन विवाद लगभग सभी राज्यों में है। विपक्षी गठबंधन में शामिल सबसे बड़ी पार्टी कांग्रेस, जहां ज्यादा से ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में है तो वहीं क्षेत्रीय दल उसे अपने-अपने राज्यों में ज्यादा सीटें देने के मूड में नहीं हैं। सोमवार को दिल्ली में जहां सीट विवाद सुलझाने के लिए कांग्रेस और आप के बीच मीटिंग हुई तो वहीं बिहार में जदयू ने साफ कर दिया कि वो कम सीटों पर नहीं मानेगी।

आप और कांग्रेस की मीटिंग

कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं ने लोकसभा चुनाव के लिए सीटों के बंटवारे पर चर्चा के लिए सोमवार को यहां बैठक की और इस बात पर जोर दिया कि वे एकजुट होकर भारतीय जनता पार्टी को शिकस्त देंगे। कांग्रेस की राष्ट्रीय गठबंधन समिति के सदस्यों के साथ आप के नेताओं संदीप पाठक, सौरभ भारद्वाज और आतिशी ने बैठक की। इस बैठक में कांग्रेस की ओर से गठबंधन समिति के संयोजक मुकुल वासनिक, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत तथा कुछ अन्य नेता शामिल हुए। दोनों दलों के नेताओं ने सीट बंटवारे को लेकर विस्तृत जानकारी साझा नहीं की, हालांकि उनका कहना था कि दोनों दल मिलकर चुनाव लड़ेंगे। आम आदमी पार्टी के नेताओं के साथ बैठक के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वासनिक ने कहा कि चुनाव से संबंधित कई मुद्दों पर चर्चा हुई।

JDU का 16 सीटों पर दावा

बिहार में जनता दल यूनाइटेड ने सोमवार को एकबार फिर साफ कर दिया कि वह सिटिंग 16 सीट पर कोई समझौता नहीं कर सकती है। जदयू के वरिष्ठ नेता और बिहार के ऊर्जा मंत्री विजेंद्र यादव ने कहा है कि जदयू तो 16 सीट पर लड़ेगी ही, इस पर कोई समझौता नहीं होगा। इसके बाद बिहार में जो सीट बचती है, उसे राजद, कांग्रेस और लेफ्ट पार्टी आपस में बांट लें। उन्होंने कहा कि हमारा समझौता राजद के साथ है। राजद के साथ पहले से कांग्रेस और वामपंथी दल रहे हैं। ऐसे भी 16 सीट के बाद भी 24 सीटें बची हैं, जो कम नहीं है। उन सीटों को अन्य पार्टियां आपस में बांट लें।

राजद कांग्रेस की बैठक

कांग्रेस ने रविवार को बिहार में सीट शेयरिंग को लेकर राजद के साथ बैठक की। बिहार में सीट शेयरिंग के फॉर्मूले को लेकर कांग्रेस और राजद के बीच पहली बार बैठक हुई। बैठक खत्म होने के बाद बिहार कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि अभी आखिरी फैसला नहीं लिया गया है।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article