राज्यसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा के दौरान विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे, जेपी नड्डा पर ऐसा भड़के कि मांफी की मांग कर दी। दरअसल खरगे के भाषण के बाद जेपी नड्डा ने पीएम मोदी पर टिप्पणी के लिए खरगे की आलोचना की। तभी वो एक आपत्तिजनक शब्द का इस्तेमाल कर बैठे, जिसके बाद खरगे समेत तमाम कांग्रेस सांसद विरोध जताते हुए हंगामा करने लगे।
जेपी नड्डा का बयान
ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा के दौरान राज्यसभा में सदन के नेता जेपी नड्डा ने कहा- "वह (राज्यसभा नेता मल्लिकार्जुन खरगे) बहुत वरिष्ठ नेता हैं, लेकिन जिस तरह से उन्होंने प्रधानमंत्री पर टिप्पणी की...मैं उनका दर्द समझ सकता हूं। वह (प्रधानमंत्री मोदी) 11 साल से वहां हैं। वह दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता हैं.....हमारी पार्टी को गर्व भी है और गौरव भी है, देश के लिए भी गौरव का विषय है, लेकिन पार्टी से आप इतने जुड़ गए हैं कि देश का विषय गौण हो जाता है, इसलिए आपकी तकलीफ में, ...... खो करके...।"
खरगे का विरोध
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जैसे ही आपत्तिजनक शब्द का इस्तेमाल किया, कांग्रेस के सदस्य विरोध करते हुए हंगामा करने लगे। खरगे ने कहा-"इस सदन में कुछ नेता हैं जिनके प्रति मेरे मन में अपार सम्मान है। नड्डा जी उनमें से एक हैं। राजनाथ जी और वह ऐसे मंत्री हैं जो बिना अपना संतुलन खोए बोलते हैं। वह आज मुझे बता रहे हैं। यह शर्म की बात है। उन्हें माफी मांगनी चाहिए, मैं इसे ऐसे ही नहीं छोड़ने वाला।"
जेपी नड्डा ने मांग ली माफी
खरगे के बोलने से पहले ही जेपी नड्डा ने अपने शब्द वापस ले लिए थे, जिसके बाद खरगे माफी की मांग करने लगे। तब जेपी नड्डा ने कहा- "हम विपक्ष के नेता का सम्मान करते हैं। मैंने अपने शब्द वापस ले लिए। अगर आपको ठेस पहुंची हो तो मैं क्षमा चाहता हूं। लेकिन आप भी भावनाओं में बह गए थे। आप इतने बहक गए थे कि आपको प्रधानमंत्री की गरिमा का भी ध्यान नहीं रहा, यह दुखद है।"
