Times Now Navbharat
live-tv
Premium

Operation Sindoor में बम से ज्यादा मारक था भारत का डिजिटल अटैक; जानें इंडिया ने कैसे जीता यह 'अदृश्य' युद्ध

7 मई 2025 को भारत ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के जरिए पाकिस्तान के 9 आतंकी ठिकानों को तबाह किया। लेकिन ये युद्ध केवल जमीन पर नहीं लड़ा जा रहा था इसमें एक मोर्चा डिजिटल भी था। पढ़ें इस मिशन के पीछे की कैसी थी साइबर युद्ध की रणनीति जिसने पाकिस्तान के हर हमले का डिजिटली करारा जवाब दिया।

Image
साइबर मोर्चे पर कैसे जीता भारत
Authored by: Nishant Tiwari
Updated May 8, 2026, 11:42 IST
Follow on Google News

आज भारत एक ऐसे सैन्य अभियान की पहली वर्षगांठ मना रहा है, जिसने न केवल सीमा पार बैठे आतंकवाद के आकाओं की नींद उड़ा दी, बल्कि आधुनिक युद्ध (Modern Warfare) के इतिहास में एक नया 'बेंचमार्क' सेट कर दिया। 'ऑपरेशन सिंदूर' यह सिर्फ एक सैन्य कार्रवाई का नाम नहीं है, बल्कि यह उस नए भारत के संकल्प का प्रतीक है, जो अब थप्पड़ का जवाब सिर्फ गाल आगे करके नहीं, बल्कि दुश्मन के घर में घुसकर देता है।

जब पहलगाम की वादियों में खून बहा

इस कहानी की शुरुआत होती है 22 अप्रैल 2025 के उस मनहूस दिन से, जब कश्मीर के पहलगाम में शांति को निशाना बनाया गया। 26 निर्दोष नागरिकों की हत्या सिर्फ एक आतंकी हमला नहीं थी, बल्कि भारत की संप्रभुता को चुनौती थी। देश में गुस्सा था, लेकिन इस बार सरकार की प्रतिक्रिया 'साइलेंट रिएक्टिव' मोड से हटकर 'प्रोएक्टिव' और सटीक थी। भारत ने ठीक 15 दिन बाद, 6-7 मई की दरमियानी रात 1:44 बजे दुनिया को बताया कि कार्रवाई शुरू हो चुकी है।

मल्टी-डोमेन स्ट्राइक: जमीन, आसमान और डिजिटल मोर्चा

ऑपरेशन सिंदूर की सबसे बड़ी खूबी इसका 'मल्टी-डोमेन' होना था। पूर्व DGMO लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई के शब्दों में, "यह सिर्फ बम गिराने तक सीमित नहीं था। जब राफेल आसमान में थे, तब हमारे साइबर योद्धा डिजिटल मोर्चे पर जंग लड़ रहे थे।"

सटीक प्रहार (Kinetic Phase):

सबसे पहले भारतीय सेना और वायुसेना ने कुल 9 प्रिसिजन स्ट्राइक कीं। इनमें से 7 सेना द्वारा और 2 वायुसेना द्वारा अंजाम दी गईं। निशाने पर कोई सैन्य अड्डा नहीं, बल्कि केवल 'आतंकी लॉन्च पैड्स' थे।

नौसेना की घेराबंदी:

हिंद महासागर में नौसेना ने ऐसी 'फौलादी दीवार' (Wall of Steel) खड़ी की कि पाकिस्तानी नौसेना अपने बंदरगाहों तक सिमट कर रह गई। इसने पाकिस्तान के 'परमाणु ब्लैकमेल' के ब्लफ को पूरी तरह खत्म कर दिया।

अदृश्य युद्ध: जब डीपफेक और बॉट्स से भिड़ा भारत

अक्सर युद्ध के मैदान की खबरें हेडलाइंस बनती हैं, लेकिन ऑपरेशन सिंदूर का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा वह था जो स्क्रीन पर लड़ा गया। हमले के कुछ ही घंटों के भीतर, भारतीय नेताओं के फर्जी वीडियो और झूठी कैजुअल्टी की खबरें सोशल मीडिया पर तैरने लगीं। भारत की डिफेंस साइबर एजेंसी (DCyA) ने रीयल-टाइम एल्गोरिदम का इस्तेमाल कर इन डीपफेक्स को वायरल होने से पहले ही 'डी-रैंक' और डिलीट करवा दिया।

इन 88 घंटों के दौरान भारत पर सरहद पार से लगभग 1 करोड़ साइबर हमले (DDoS) किए गए। भारत ने प्रोएक्टिव होकर 4,500 से अधिक बॉट हैंडल्स को ब्लॉक किया, जिससे देश के भीतर अफवाहों को फैलने से रोका जा सका। पुरानी गलतियों से सीखते हुए, सरकार ने 12 घंटे के भीतर 'डीक्लासिफाइड-लाइट' सैटेलाइट इमेज जारी कर दीं। इसने दुश्मन के 'वीडियो गेम फुटेज' वाले प्रोपेगेंडा को जन्म लेने से पहले ही मार दिया।

साइबर वॉरफेयर की रूपरेखा

साइबर वॉरफेयर की रूपरेखा

स्वदेशी शक्ति का प्रदर्शन: 'मेक इन इंडिया' की जीत

ऑपरेशन सिंदूर ने भारत की आत्मनिर्भरता पर मुहर लगा दी। लेफ्टिनेंट जनरल घई ने गर्व से बताया कि इस मिशन में इस्तेमाल हुए अधिकांश हथियार, चाहे वो ब्रह्मोस (BrahMos) मिसाइल हो, आकाश (Akash) सिस्टम हो या इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर सूट्स सब भारत में विकसित और निर्मित थे। स्वदेशी हथियारों का मतलब था कि भारत अपनी जरूरतों के हिसाब से उन्हें कस्टमाइज कर सकता था और सप्लाई चेन के लिए किसी दूसरे देश का मुंह नहीं ताकना पड़ता था।

सॉफ्ट वॉरफेयर: 'पानी' का हथियार

इस ऑपरेशन में भारत ने एक ऐसा कदम उठाया जिसने दुश्मन की कमर तोड़ दी। भारत ने सिंधु जल संधि (Indus Waters Treaty) के तहत अपने 'हाइड्रोलिक लीवरेज' का इस्तेमाल करने का संकेत दिया। यह एक संदेश था कि अगर आतंक नहीं रुका, तो कीमत केवल सैन्य नहीं, बल्कि एक्सिसटेंशियल होगी। यह 'सॉफ्ट वॉरफेयर' किसी भी बम से ज्यादा घातक साबित हुआ।

'हार्ड फैक्ट्स' झूठ नहीं बोलते

डिप्टी चीफ ऑफ एयर स्टाफ एयर मार्शल अवधेश कुमार भारती ने स्पष्ट किया कि जीत नारों से नहीं, आंकड़ों से नापी जाती है। इस ऑपरेशन में पाकिस्तान के 11 हवाई अड्डे प्रभावित हुए, 13 दुश्मन विमान (जमीन और हवा में) नष्ट किए गए। 300 किमी से अधिक की दूरी पर दुश्मन का एक हाई-वैल्यू एयरबोर्न एसेट मार गिराया गया। वहीं सबसे बड़ी बात यह रही कि भारत की तरफ नागरिक या सैन्य इंफ्रास्ट्रक्चर को कोई बड़ी क्षति नहीं हुई।

ये ऑपरेशन खुद में एक न्याय की एक झलक भी समेटे थी, यह ऑपरेशन सिर्फ सैन्य रणनीति नहीं थी, बल्कि उन 26 परिवारों के लिए न्याय की एक किरण थी जिन्होंने पहलगाम में अपनों को खोया था। जब पहला बम आतंकी कैंप पर गिरा, तो वह उन मासूमों की चीखों का जवाब था। 10 मई को जब पाकिस्तान के DGMO ने शांति की गुहार लगाई, तब तक भारत अपना मकसद पूरा कर चुका था।

ऑपरेशन अभी जारी है...

3 दिन बाद भारत सरकार ने एक महत्वपूर्ण बात साफ की, "88 घंटे का काइनेटिक फेज खत्म हुआ है, ऑपरेशन सिंदूर नहीं।" गृह मंत्री अमित शाह ने सही कहा कि यह मिशन तब तक जीवित रहेगा जब तक आतंकवाद की आखिरी सांस चल रही है। ऑपरेशन सिंदूर ने दुनिया को दिखा दिया कि भारत की शांति को कमजोरी समझने की गलती अब कोई न करे।

End of Article