Gujarat Assembly Elections 2022: गुजरात में विधानसभा चुनाव और दिल्ली में एमसीडी चुनाव से पहले असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा प्रचार के फुल एक्शन मोड में हैं। कभी कांग्रेस को घेरते हैं, तो कभी आप पर निशाना साध देते हैं। इसी कड़ी में सोमवार (28 नवंबर, 2022) को उन्होंने कहा है कि 'लव जिहाद' और यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) की बात करना महिला सशक्तिकरण होता है।
सोमवार (28 नवंबर, 2022) को गुजरात के अहमदाबाद में मीडिया से बातचीत के दौरान वह बोले, "'लव जिहाद' और यूनिफॉर्म सिविल कोड की बात करना ध्रुवीकरण नहीं होता है, बल्कि यह वूमेन इंपावरमेंट (महिला सशक्तिकरण) होता है।"
#WATCH मैंने किसी शब्द का इस्तेमाल नहीं किया है, मैंने कहा कि देखते देखते आपका(राहुल गांधी) चेहरा और सद्दाम हुसैन… t.co/nrmqUuB1fs
— ANI (@ANI) Nov 28, 2022
उनके मुताबिक, "तलाक एक समुदाय (बिना नाम लिए मुस्लिमों के संदर्भ में) में हो रहे थे। एक मर्द तीन शादी कर सकता है...यह भी एक समुदाय में हो रहा था, उस समुदाय की महिला का शोषण हो रहा है तो इसके ख़िलाफ आवाज़ उठाना है और इसे ध्रवीकरण नहीं कहते हैं बल्कि यह महिला सशक्तिकरण है।"
राहुल के बारे में हुए सवाल पर उन्होंने कहा, "मैंने किसी शब्द का इस्तेमाल नहीं किया है। मैंने कहा कि देखते देखते आपका (गांधी) चेहरा और सद्दाम हुसैन का चेहरा...अगर आप दोनों को एक साथ बैठा दें तो एक जैसा लगेगा, जबकि अगर आप अपनी दाढ़ी काट ले तो आप नेहरू जैसे दिखाई देंगे।" बकौल सरमा, "मुझे ट्रोल करने के चक्कर में कांग्रेस ने खुद ही मेरे बयान (राहुल के संदर्भ में) को वायरल कर दिया।"
