
G20 Summit 2023 Updates: आज से 'विश्वोत्सव' का आगाज, जी20 सम्मेलन से पहले मिले मोदी-बाइडन; दिल्ली में बदला मौसम का मिजाज
G20 Summit 2023 Delhi News in Hindi: राजधानी दिल्ली में आज से "विश्वोत्सव" यानी कि जी-20 सम्मेलन का आगाज हो रहा है। इसके लिए शुक्रवार (आठ सितंबर, 2023) को सभी विदेशी मेहमान दिल्ली पहुंच चुके हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन भी दिल्ली पहुंचे, सात लोक कल्याण मार्ग पर पीएम मोदी से उनकी मुलाकात और बात हुई। बताया गया कि दोनों के बीच 50 मिनट से अधिक बातचीत हुई। पीएम मोदी-राष्ट्रपति बाइडन की वार्ता पर अमेरिका के व्हाइट हाउस की ओर से जारी बयान में बताया गया कि पीएम मोदी ने भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच घनिष्ठ और स्थायी साझेदारी की पुष्टि करते हुए आज संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन का भारत में स्वागत किया। नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी की जून 2023 की ऐतिहासिक वाशिंगटन यात्रा की अभूतपूर्व उपलब्धियों को लागू करने के लिए चल रही पर्याप्त प्रगति के लिए अपनी सराहना व्यक्त की। इस बीच, जी-20 इंडिया के विशेष सचिव मुक्तेश परदेसी ने कहा कि भारत के पास अध्यक्षता होना "सुनहरा अवसर" है। देश वैश्विक मंच पर छाप छोड़ने को तैयार है। सम्मेलन का व्यापक एजेंडा 'वसुधैव कुटुंबकम' - एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य” के इर्द-गिर्द रहेगा। यह केवल एक आयोजन नहीं है, देश में समग्र पृष्ठभूमि सकारात्मक है। हमारी आजादी के 75 वर्ष पूरे हुए, हम अभी पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था हैं, हम सबसे बड़े लोकतंत्र हैं। बहुत सी चीजें भारत के पक्ष में हैं। सम्मेलन से पहले देश में लोगों का मूड 'उत्साहपूर्ण' है और ऐसा इसलिए है क्योंकि "देश तैयार है"।