Times Now Navbharat
live-tv
Premium

Census 2027: जनगणना के नाम पर ये प्रश्न पूछे जाएं तो समझ लें फ्रॉड है, तुरंत शिकायत करें

जनगणना 2027 के दूसरे चरण में हर व्यक्ति से कुल 40 सवाल पूछे जाएंगे। इनमें जाति, धर्म, शिक्षा, रोजगार, प्रवास, आधार, बैंक अकाउंट की जानकारी शामिल है। लेकिन कुछ ऐसे प्रश्न हैं जो आपसे नहीं पूछे जा सकते, उनके बारे में भी जान लीजिए।

Image
जनगणना में नहीं पूछे जाएंगे ये प्रश्न, पूछे गए तो तुरंत पुलिस बुला लें
Authored by: Digpal Singh
Updated Aug 21, 2026, 14:29 IST
Follow on Google News

Census 2027: देश में इस समय जनगणना चल रही है और अब तैयारियां दूसरे चरण की ओर बढ़ गई हैं। बता दें कि साल 2011 के बाद पहली बार यह जनगणना हो रही है, क्योंकि कोविड 19 के कारण निर्धारित साल 2021 में जनगणना नहीं पायी थी। Population Enumeration यानी जनसंख्या गणना के दूसरे चरण में आपसे कुल 40 प्रश्न पूछे जाएंगे। पहली बार हो रहा है, जब सभी लोगों की जाति की जानकारी इकट्ठा करने के साथ ही आधार, वोटर आईडी, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, मोबाइल नंबर और बैंक खातों से जुड़े प्रश्न भी शामिल किए गए हैं। केंद्र सरकार ने स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले 14 अगस्त 2026 को दूसरे चरण के लिए 40 प्रश्नों की पूरी सूची जारी कर दी है।

जैसा कि हमने ऊपर बताया कि दूसरे चरण में जो प्रश्न पूछे जाएंगे,उनमें बैंक खातों से जुड़े प्रश्न भी पूछे जाएंगे। लेकिन कुछ ऐसे प्रश्न भी हैं, जो जनगणना के दौरान आपसे नहीं पूछे जाएंगे। अगर कोई ऐसे प्रश्न पूछता है तो समझ जाएं कि वह फ्रॉड है और तुरंत उसकी शिकायत पुलिस में करें। क्योंकि सरकार को जनगणना के लिए उन प्रश्नों के उत्तर नहीं चाहिए। सरकार आपसे जो जानना चाहती है, उससे जुड़े 40 प्रश्नों के बारे में भी हम आपको यहां बताएंगे और कौन से प्रश्न आपसे नहीं पूछे जा सकते हैं उनकी जानकारी भी यहां देंगे।

जनगणना के दूसरे चरण में क्या प्रश्न पूछे जाएंगे?

अगर जनगणना के लिए सरकारी अधिकारी आपके घर पहुंच रहा है तो वह इस दूसरे चरण में आपसे आपका का नाम, परिवार के मुखिया से आपका संबंध, लिंग, जन्मतिथि और उम्र, वैवाहिक स्थिति, विवाह के समय उम्र कितनी थी, आपके पति या पत्नी का नाम भी पूछेगा। इसके अलावा आपके पूछा जाएगा कि आप भारत या किस देश के नागरिक हैं? यानी राष्ट्रीयता का प्रश्न पूछा जाएगा, इसके अलावा आपका धर्म और SC/ST तथा जाति से जुड़ी जानकारी भी आपसे ली जाएगी। बता दें कि जाति की जानकारी आपके द्वारा घोषित आधार पर दर्ज की जाएगी, जानी जो आप बताएंगे वह जाति जनगणना में दर्ज हो जाएगी।

इसके अलावा आपके पिता और माता के संबंध में जानकारी, दिव्यांगता की स्थिति, आपकी मातृभाषा और अन्य भाषाओं की जानकारी के आंकड़े भी दर्ज किए जाएंगे। आपकी एजुकेशन, डिजिटल साक्षरता, एजुकेशनल इंस्टीट्यूट में पढ़ाई की स्थिति और हासिल की गई उच्चतम शैक्षणिक योग्यता यानी अधिकतम कहां तक पढ़े हैं जैसे सवाल भी पूछे जाएंगे।

जनगणना की सांकेतिक तस्वीर

जनगणना की सांकेतिक तस्वीर

नौकरी और रोजगार से जुड़ी जानकारी भी पूछी जाएगी?

जी हां, जनगणना के दौरान आपकी नौकरी और रोजगार से जुड़े प्रश्न भी पूछे जाएंगे। जनगणना के इस दूसरे चरण में पूछा जाएगा कि आपने पिछले एक साल में कभी काम किया है या नहीं। आर्थिक गतिविधि की श्रेणी, बिजनेस, उद्योग/व्यापार/सेवा का प्रकार, कामगार की श्रेणी और गैर-आर्थिक गतिविधि से संबंधित जानकारी ली जाएगी। काम की तलाश या उपलब्धता के साथ ही ऑफिस तक आने-जाने के साधन की जानकारी भी आपसे ली जाएगी।

माइग्रेशन और परिवार से जुड़े प्रश्न भी पूछे जाएंगे

जनगणना में आपके जन्मस्थान, आपका पिछला निवास स्थान, प्रवास यानी माइग्रेशन का कारण, मौजूदा गांव या शहर में कब से रह रहे हैं और आपका स्थायी आवासीय पता भी पूछा जाएगा। महिलाओं से संबंधित प्रजनन संबंधी जानकारी में वर्तमान में जीवित बच्चों की संख्या, अब तक जन्मे जीवित बच्चों की संख्या और वर्तमान में विवाहित महिलाओं से पिछले एक साल में जन्मे बच्चों की जानकारी भी ली जाएगी।

आधार, बैंक अकाउंट और मोबाइल नंबर भी पूछे जाएंगे

इस बार जनगणना के प्रश्नों में कुछ ऐसे बिंदु भी शामिल हैं जो इससे पहले की जनगणना (2011) से अलग बनाते हैं। जनगणना के लिए आपके घर पर आने वाला व्यक्ति आपसे आपके पूछेंगे कि आपके पास कुल कितने बैंक खाते हैं? आपका मोबाइल नंबर, आधार नंबर, वोटर आईडी नंबर, पासपोर्ट नंबर (अगर भारतीय पासपोर्ट है तो), ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित जानकारी भी आपसे ली जाएगी। इसके साथ ही आपसे कोविड-19 वैक्सीन लगवाने के स्थान के बारे में भी पूछा जाएगा।

जनगणना के दौरान आपसे जो बी जानकारी जुटाई जाएगी, उसे गोपनीय रखा जाएगा। जनगणना के जो आंकड़े जारी होंगे, वह कंसोलिडेटिड होंगे।

आपसे ये प्रश्न नहीं पूछ सकते जनगणना अधिकारी

जनगणना के लिए आपके घर तक आने वाले अधिकारियों को निर्धारित प्रश्नों के दायरे में ही जानकारी लेने के निर्देश हैं। अधिकारी आपसे यह तो पूछ सकते हैं कि आपके कुल कितने बैंक अकाउंट हैं और किस-किस बैंक में हैं, लेकिन वह आपके बैंक अकाउंट नंबर नहीं मांग सकते। वह आपसे आपके एटीएम कार्ड का नंबर और कार्ड का सीवीवी नंबर भी नहीं मांग सकते। यही नहीं, अगर अधिकारी आपसे कहे कि आपके फोन पर OTP भेजा है, वह बताएं, तो समझ लें कि वह जनगणना अधिकारी नहीं फ्रॉड है, उसे यह सब जानकारी न दें। ऐसे व्यक्ति की शिकायत तुरंत पुलिस में करें।

इसके अलावा जनगणना के लिए आपके घर आने वाला अधिकारी आपके आपका पैन नंबर भी नहीं पूछेगा। जनगणना अधिकारी को आधार, पैन, पासपोर्ट, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस और बैंक खाते से जुड़े दस्तावेज की फोटो कॉपी भी न दें, क्योंकि सरकार को इनकी जरूरत नहीं है। एक और बात का ध्यान रखें कि किसी भी खाली पन्ने (Blank Paper) पर दस्तखत न करें।

End of Article