देश

Mount Everest: 8,848 मीटर पर भारतीय नारी शक्ति का परचम, ITBP महिला दल ने फतह किया एवरेस्ट

ITBP ने माउंट एवरेस्ट (Mount Everest) पर पहला सर्व महिला अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोहण अभियान सफलतापूर्वक पूरा कर इतिहास रच दिया है। 11 महिला पर्वतारोहियों समेत 14 सदस्यीय दल ने 21 मई 2026 को दुनिया की सबसे ऊंची चोटी पर तिरंगा फहराया।

Image

भा.ति.सी.पु. बल की प्रथम ‘सर्व महिला एवरेस्ट अभियान’ टीम ने रचा इतिहास (फोटो- ITBP)

भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल (ITBP) ने विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट (Mount Everest) (8,848 मीटर) पर पहला सर्व महिला अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोहण अभियान सफलतापूर्वक पूरा कर इतिहास रच दिया है। यह उपलब्धि न केवल ITBP के गौरवशाली पर्वतारोहण इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ती है, बल्कि महिला सशक्तीकरण और साहसिक नेतृत्व का भी प्रतीक बनकर उभरी है। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री के मार्गदर्शन में आयोजित इस विशेष अभियान को 19 अप्रैल 2026 को ITBP मुख्यालय, नई दिल्ली से रवाना किया गया था। अभियान दल में कुल 14 सदस्य शामिल थे, जिनमें 11 महिला पर्वतारोही थीं।

‘साउथ कोल रूट’ से एवरेस्ट फतह किया

भारत और नेपाल में चरणबद्ध प्रशिक्षण, कठिन अभ्यास और ऊंचाई के अनुरूप अनुकूलन प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी महिला पर्वतारोहियों ने नेपाल मार्ग के प्रसिद्ध ‘साउथ कोल रूट’ से एवरेस्ट फतह किया। अभियान की पहली टोली ने 21 मई 2026 को तड़के 12 बजकर 52 मिनट पर एवरेस्ट शिखर पर पहुंचकर भारतीय तिरंगा फहराया। इस ऐतिहासिक क्षण ने पूरे देश को गौरवान्वित कर दिया।

जब डेथ जोन का हुआ सामना

अभियान के दौरान पर्वतारोहियों ने 8,000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले बेहद खतरनाक “डेथ जोन” का सामना किया, जहां ऑक्सीजन का स्तर बेहद कम होता है। इसके अलावा तेज बर्फीली हवाएं, खराब मौसम और खतरनाक हिमखंडीय रास्ते इस अभियान को और कठिन बना रहे थे। इन तमाम चुनौतियों के बावजूद दल की महिला पर्वतारोहियों ने अदम्य साहस, धैर्य, अनुशासन और मानसिक मजबूती का परिचय दिया। इस अभियान की एक खास बात यह भी रही कि पर्वतारोहण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया गया। “स्वच्छ हिमालय–ग्लेशियर बचाओ” अभियान के तहत टीम ने गैर-जैविक कचरे के संग्रहण और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियां भी संचालित कीं।

ITBP का पर्वतारोहण का इतिहास

ITBP का पर्वतारोहण इतिहास पहले से ही बेहद समृद्ध रहा है। बल अब तक 232 पर्वतारोहण अभियानों को सफलतापूर्वक पूरा कर चुका है, जिनमें माउंट एवरेस्ट पर पांच सफल आरोहण शामिल हैं। इसके अलावा ITBP दुनिया की 14 आठ-हजारी चोटियों में से छह प्रमुख चोटियों—एवरेस्ट, कंचनजंघा, मकालू, ल्होत्से, धौलागिरी और मानस्लु—पर भी सफलतापूर्वक तिरंगा फहरा चुका है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article