देश

ममता बनर्जी ने नहीं मानी हाई कोर्ट की बात, कोलकाता में दर्ज हुई FIR; जानें पूरा मामला

Mamata Banerjee FIR: कोलकाता पुलिस ने पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी के खिलाफ शनिवार को एफआईआर दर्ज की है।

Image

पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (फाइल फोटो)

Mamata Banerjee FIR: कोलकाता पुलिस ने पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी के खिलाफ शनिवार को एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने ममता बनर्जी के खिलाफ तृणमूल छात्र परिषद (TMCP) की बैठक के संबंध में हाई कोर्ट के आदेश के कथित उल्लंघन को लेकर स्वत: संज्ञान लेते हुए एफआईआर दर्ज की।

ममता के खिलाफ कहां दर्ज हुई FIR

एक अधिकारी ने बताया कि ममता बनर्जी के साथ-साथ तृणमूल छात्र परिषद की बैठक के आयोजकों के खिलाफ हेस्टिंग्स पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। उन्होंने कहा, ''अदालत के आदेश के कथित उल्लंघन को लेकर एफआईआर दर्ज की गई है। जांच के दौरान आदेश के उल्लंघन में शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच की जाएगी।''

पुलिस के अनुसार, हेस्टिंग्स थाने में केस नंबर 112, दिनांक 28 अगस्त 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 61(2), 223, 125(a), 132 और 285 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में कार्यक्रम के आयोजकों को भी आरोपी बनाया गया है।

यह मामला शुक्रवार को मध्य कोलकाता के कैथेड्रल रोड पर आयोजित टीएमसीपी के स्थापना दिवस कार्यक्रम के संबंध में दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि एफआईआर दर्ज करने से पहले कार्यक्रम के आयोजन को लेकर कलकत्ता हाई कोर्ट द्वारा तय की गई शर्तों की समीक्षा की गई।

'भाजपा ने पुलिस को बना दिया राक्षस'

इससे पहले, ममता बनर्जी ने कोलकाता में एक रैली को संबोधित करते हुए भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था कि मेरे कार्यकाल में पुलिस का मानवीय चेहरा था, लेकिन भाजपा ने पुलिस को राक्षस बना दिया है। उन्होंने आरोप लगाया था कि भाजपा बंगाल में बांटने वाली राजनीति कर रही है और डर फैलाने के लिए पुलिस का इस्तेमाल हो रहा है।

पूरे राज्य का दौरा करेंगी ममता

ममता बनर्जी ने कहा था कि वह जल्द ही पूरे राज्य का दौरा शुरू करेंगी और अगर उन्हें सार्वजनिक सभाएं करने की अनुमति नहीं दी गई, तो वह सड़कों पर पैदल चलेंगी।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article