देश

दिल्ली जा रहे इंडिगो के विमान से पक्षी टकराया, पटना एयरपोर्ट पर प्लेन की आपात लैंडिंग, यात्री उतारे गए

Emergency landing of IndiGo aircraft : पटना से दिल्ली जा रहा इंडिगो का यात्री विमान उड़ान भरने के बाद पक्षी से टकरा गया जिसके बाद इस विमान की एयरपोर्ट पर आपात लैंडिंग कराई गई। इस विमान में 175 यात्री सवार हैं। यात्रियों को विमान से सुरक्षित बाहर उतारा गया।

Image

इंडिगो के फ्लाइट की पटना एयरपोर्ट पर हुई आपात लैंडिंग। -फाइल फोटो, पीटीआई

Emergency landing of IndiGo aircraft : पटना से दिल्ली जा रहा इंडिगो का एक यात्री विमान उड़ान भरने के बाद पक्षी से टकरा गया जिसके बाद इस विमान की एयरपोर्ट पर आपात लैंडिंग कराई गई। इस विमान में 175 यात्री सवार हैं। यात्रियों को विमान से सुरक्षित बाहर उतारा गया। घटना के बाद यात्रियों में थोड़ी देर के लिए घबराहट का माहौल रहा, लेकिन विमान की सुरक्षित लैंडिंग ने सबको राहत दी। एयरपोर्ट प्रशासन और विमान कंपनी के अधिकारियों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला और उनकी जरूरतों का ख्याल रखा।

निरीक्षण में रनवे पर एक पक्षी मृत मिला

हवाई अड्डे के अधिकारियों ने यह जानकारी देते हुए बताया कि सभी 175 यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं। पटना हवाईअड्डे की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है, ‘पटना से दिल्ली जाने वाली आईजीओ 5009 उड़ान ने सुबह आठ बजकर 42 मिनट पर उड़ान भरने के बाद पक्षी के टकराने की सूचना दी, निरीक्षण के दौरान रनवे पर एक मृत पक्षी पाया गया। ‘एप्रोच कंट्रोल यूनिट’ ने विमान को इसकी सूचना दी। एप्रोच कंट्रोल यूनिट से संदेश मिला कि विमान ने एक इंजन में कंपन के कारण पटना वापस आने का अनुरोध किया है। विमान सुबह नौ बजकर तीन मिनट पर रनवे 7 पर सुरक्षित तरीके से उतर गया। सभी यात्री सुरक्षित हैं।’ अधिकारियों ने बताया कि उड़ान का निरीक्षण किया जाएगा। विमानन कंपनी यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करेगी।

बता दें कि कुछ दिन पहले रांची जाने वाले इंडिगो के यात्री विमान से एक पक्षी टकरा गया था जिसके बाद इस प्लेन की आपात लैंडिंग हुई।

रांची एयरपोर्ट पर हुई आपात लैंडिंग

झारखंड की राजधानी रांची जाने वाली इंडिगो की एक फ्लाइट को सोमवार को आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी। अधिकारियों ने बताया कि पक्षी के टकराने के कारण आपातकालीन लैंडिंग हुई और विमान में सवार सभी 175 यात्री सुरक्षित हैं। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, लगभग 4,000 फीट की ऊंचाई पर विमान, गिद्ध के हमले के कारण क्षतिग्रस्त हो गया।

पटना से रांची आ रहा था विमान

रांची के बिरसा मुंडा हवाई अड्डे के निदेशक आरआर मौर्य ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया, 'इंडिगो का एक विमान रांची के पास एक पक्षी से टकरा गया। यह घटना यहां से लगभग 10 से 12 समुद्री मील दूर, लगभग 3,000 से 4,000 फीट की ऊंचाई पर हुई। इंडिगो का विमान पटना से रांची आ रहा था और पायलट को यहां आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी।'

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें