Earthquake In Andaman Nicobar: अंडमान सागर में रविवार को 5.4 तीव्रता का भूकंप आया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने यह जानकारी दी।
इस संबंध में एक अधिकारी ने बताया कि अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह के कुछ हिस्सों में भूकंप के झटके महसूस किए गए लेकिन किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की अभी कोई खबर नहीं है।
भूकंप विज्ञान केंद्र ने बताया कि भूकंप अपराह्न 12 बजकर छह मिनट पर आया और इसका केंद्र 90 किलोमीटर की गहराई में स्थित था।
हालांकि, अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह के मुख्य सचिव डॉ. चंद्र भूषण कुमार ने कहा, ‘‘नौ नवंबर को अपराह्न करीब 12:08 बजे 5.7 तीव्रता का भूकंप आया। उत्तरी और मध्य अंडमान के मायाबंदर, रंगत और इसके आसपास के इलाकों में झटके महसूस किए गए। हमने सभी संबंधित एजेंसियों को सतर्क कर दिया है और मानक प्रोटोकॉल लागू हैं।’’
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कई टीमें भूकंपीय गतिविधि पर सक्रिय रूप से नजर रख रही हैं। कुमार ने कहा, ‘‘एहतियाती उपाय के तौर पर हमने पर्यटकों और मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है।’’
पोर्ट ब्लेयर स्थित जिला आपातकालीन अभियान केंद्र (डीईओसी) के अनुसार, भूकंप का केंद्र समुद्र में बैरन द्वीप के उत्तर में 96 किलोमीटर की गहराई में स्थित था।
