देश

रेलवे की Rail Coach Restaurant योजना ने पकड़ा जोर, खान-पान के शौकीनों को मिल रह बेहतरीन अनुभव

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Sep 13, 2023, 04:18 PM IST

रेलवे बिना इस्तेमाल वाले रेल कोच में बदलाव कर इसे नया रूप दे रहा है। इन रेल कोच रेस्टोरेंट में यात्रियों के लिए एक खास भोजन का इंतजाम रहता है और इसकी आंतरिक सजावट देखने लायक है।

Image

रेल कोच रेस्टोरेंट (प्रतीकात्मक तस्वीर )

Photo : PTI

Rail Coach Restaurant: भारतीय रेलवे की रेल कोच रेस्टोरेंट योजना धीरे-धीरे जोर पकड़ती जा रही है। कई शहरों में यह योजना शुरू की जा रही है। दक्षिण मध्य रेलवे जोन के सिकंदराबाद डिवीजन ने नेकलेस रोड रेलवे स्टेशन पर एक ऐसा ही रेल कोच रेस्तरां शुरू किया है। काचीगुडा स्टेशन पर 'रेस्तरां ऑन व्हील्स' की शुरुआत के तेलंगाना में रेलवे स्टेशन के भीतर दूसरा ऐसा कोच रेस्तरां शुरू किया गया है। नेकलेस रोड रेलवे स्टेशन जुड़वां शहरों के उपनगरीय नेटवर्क में सबसे व्यस्त स्टेशनों में से एक है, जो कई पिकनिक स्पॉट से घिरा हुआ है। यहां रोजाना बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं।

बिना इस्तेमाल वाले रेल कोच को नया रूप मिला

इसे अमल में लाने के लिए बिना इस्तेमाल वाले रेल कोच में बदलाव किया गया है। यहां रेल यात्रियों के लिए एक खास भोजन का इंतजाम रहता है और इसकी आंतरिक सजावट बेहद लुभावनी बनाई गई है। हैदराबाद स्थित बूमरैंग रेस्तरां को पांच साल के लिए नेकलेस रोड रेलवे स्टेशन पर रेल कोच रेस्तरां के संचालन का काम सौंपा गया है। यह रेस्तरां स्टेशन के सर्कुलेटिंग क्षेत्र में एक खाली जगह पर है, जो रेल यात्रियों और आम जनता दोनों के लिए भोजन के विकल्प देता है। ग्राहक कई तरह के भोजन का आनंद ले सकते हैं। हैदराबाद के लोकप्रिय स्थानों में से एक के बीच स्थित यह रेस्तरां पहल पुरानी यादों और पाक-कला का सहज मिश्रण है, जो एक अविस्मरणीय भोजन अनुभव देता है।

ओडिशा में भी मिलेगा रेल कोच रेस्तरां

वहीं, पश्चिमी ओडिशा के राउरकेला शहर के निवासियों को भी जल्द ही रेलवे कोच रेस्तरां में भोजन करने का मौका मिलेगा। राउरकेला रेलवे स्टेशन प्रबंधक प्रभात दास ने कहा कि कोलकाता स्थित कंपनी की पहल वाला रेस्तरां इस दुर्गा पूजा से पहले जनता के लिए अपने दरवाजे खोलेगा। उन्होंने कहा कि रेस्तरां व्यस्त रेलवे स्टेशन के उत्तरी किनारे पर दूसरे गेट के पास शुरू होगा। अधिकारी ने कहा कि मेन गेट और प्लेटफॉर्म 1 पर कई रेस्तरां और भोजनालय हैं।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article