धराली आपदा: अब तक 650 लोगों को किया गया सुरक्षित बाहर, सेना ने भागीरथी नदी पर बनाया पुल; लापता लोगों की तलाश जारी

उत्तरकाशी में सड़कों के टूटने और भारी मलबे के कारण राहत सामग्री पहुंचाने और फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए हवाई मार्ग पर ज्यादा निर्भरता है। सेना के दो चिनूक, दो एमआई-17 हेलीकॉप्टर, और उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण के आठ हेलीकॉप्टर इस कार्य में लगे हैं।

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के धराली गांव में बादल फटने से उत्पन्न भीषण बाढ़ के चार दिन बाद भी बचाव और राहत कार्य युद्ध स्तर पर जारी हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अनुसार, अब तक 650 लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है, जबकि कई अभी भी लापता हैं। घटना के समय क्षेत्र में बड़ी संख्या में श्रमिक, पर्यटक और स्थानीय निवासी मौजूद थे। जीवित बचे लोगों को ढूंढने तथा मलबे के विशाल ढेर के नीचे दबे शवों का पता लगाने के लिए खोजी कुत्तों और रडारों का उपयोग किया जा रहा है। बचाव कार्यों में तेजी लाने के लिए सेना ने भागीरथी नदी पर एक पुल बना दिया है। सेना के एक अधिकारी ने कहा, “आज हमने भागीरथी नदी पर पुल बना दिया है जिसका उपयोग करके घायलों और फंसे हुए पर्यटकों को सुरक्षित रूप से बाहर निकाला जा रहा है।”

End of Feed