महाराष्ट्र में इन दिनों बीएमसी समेत अन्य नगर निकायों के चुनावों को लेकर सियासी पारा हाई है। विभिन्न राजनैतिक दलों के नेता सियासी रैली करने में बिजी है। इसी बीच, राज्य के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने पिपरी चिंचवाड इलाके में रोड़ शो किया फिर इसके बाद उन्होंने जनता को संबोधित भी किया। इस दौरान फडणवीस ने विकास, कानून-व्यवस्था और शहरी इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर अपनी सरकार की प्राथमिकताएं गिनाईं। साथ ही मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई मेट्रो, पुणे के ट्रैफिक संकट, इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स, पर्यावरण, पानी की सप्लाई और राजनीति में आपराधिक पृष्ठभूमि वाले उम्मीदवारों को लेकर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं को राजनीति का शिकार बनाने की कीमत आम जनता को चुकानी पड़ती है।
मुंबई मेट्रो के अंडरग्राउंड प्रोजेक्ट पर कही ये बात
मुंबई मेट्रो के अंडरग्राउंड प्रोजेक्ट पर उठे विवाद का जिक्र करते हुए फडणवीस ने कहा कि उस समय तत्कालीन मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने पेड़ काटे जाने को लेकर आपत्ति जताई थी। तब मैंने उन्हें समझाने की कोशिश की। फिर यह मामला सुप्रीम कोर्ट तक गया। बाद में सरकार बदली, उद्धव ठाकरे मुख्यमंत्री बने और उन्होंने परियोजना पर रोक लगा दी गई। दोबारा सुप्रीम कोर्ट जाने पर अदालत ने फैसला सुनाया और रोक हटाई गई। सिर्फ एक कार शेड के फैसले की वजह से मुंबई मेट्रो की लागत करीब 10,000 करोड़ रुपये बढ़ गई।
पुणे से चुनाव लड़ने की अटकलों पर भी बोले
इस दौरान देवेंद्र फडणवीस पुणे से चुनाव लड़ने की अटकलों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि हम यहां अच्छा काम कर रहे हैं, अन्ना हैं, चंद्रकांत दादा हैं। हम पुणे से प्यार करते हैं, लेकिन चुनाव नागपुर से ही लड़ना चाहते हैं। वहीं, पुणे में इंफ्रास्ट्रक्चर पर बोलते हुए फडणवीस ने माना कि कुछ पुल लापरवाही से बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि शहर के कुछ इलाकों में एलिवेटेड कॉरिडोर बनाने का फैसला किया गया है। नीचे सड़क होगी, ऊपर कॉरिडोर और उसी पर मेट्रो चलेगी।
ट्रैफिक जाम: 32 सड़कों पर फोकस
इस दौरान उन्होंने पुणे के ट्रैफिक संकट पर भी बात की। सीएम ने कहा कि कि एक रिपोर्ट के मुताबिक शहर का ट्रैफिक 32 प्रमुख सड़कों पर केंद्रित है और वहां क्षमता से डेढ़ से ढाई गुना अधिक वाहन चल रहे हैं। इन 32 सड़कों पर जाम कम करने के लिए अतिक्रमण हटाया जाएगा, सिग्नल सिस्टम सुधारा जाएगा और सड़क पर मौजूद अन्य बाधाएं दूर की जाएंगी। उन्होंने यह भी बताया कि पुणे में 23 फ्लाईओवर प्रस्तावित हैं, जिनमें से 8 पर काम चल रहा है।
पुणे के भूमिगत कॉरिडोर प्रोजेक्ट पर क्या कहा?
आगे बोलते हुए फडणवीस ने पुणे के भूमिगत कॉरिडोर प्रोजेक्ट का भी जिक्र किया। सीएम मे कहा कि शहर में 56 टनल बनाई जाएंगी। यरवडा से कटराज और औंध-संगमवाड़ी तक टनल प्रस्तावित हैं। इस पर करीब 32,000 करोड़ रुपये खर्च होंगे और इसका डिजाइन तैयार हो चुका है। उन्होंने दावा किया कि रिंग रोड बनने के बाद पुणे में 40% तक ट्रैफिक जाम कम होगा।
पानी की सप्लाई, प्रदूषण और रीडेवलपमेंट पर भी बोले फडणवीस
आगे बोलते हुए पानी के मुद्दे पर फडणवीस ने कहा कि फिलहाल पुणे में पानी की कमी नहीं है, लेकिन आने वाले समय के लिए नए जल स्रोत तैयार करना जरूरी है ताकि भविष्य में समस्या न हो। वहीं उन्होंने कहा कि पुणे की एयर क्वालिटी चिंताजनक है। पुणे नगर निगम ने इसके लिए क्लाइमेट एक्शन प्लान बनाया है। सीवर नदी में बहने से एयर क्वालिटी खराब हुई है, हालांकि पानी की गुणवत्ता में सुधार आया है। फडणवीस के मुताबिक, पुणे में हर साल 4 से 5 लाख वाहन बढ़ रहे हैं। केंद्र सरकार से शहर को 1000 इलेक्ट्रिक बसें मिली हैं। रीडेवलपमेंट को लेकर उन्होंने कहा कि नए कंस्ट्रक्शन रूल्स तैयार किए जा रहे हैं। अगर तय निर्देशों और शर्तों का पालन नहीं हुआ, तो निर्माण की अनुमति नहीं दी जाएगी।
मुझे ड्रामा देखना पसंद
इस दौरान अपनी निजी पसंद पर भी देवेंद्र फडणवीस खुलकर बोले। उन्होंने कहा कि उन्हें ड्रामा देखना पसंद है।‘सही रे सही’ मेरा पसंदीदा ड्रामा है। बचपन में मैंने ‘दैट्स नॉट मी’ देखा था। उन्होंने मुस्कराते हुए कहा कि अब राजनीति में जब लोगों से मिलता हूं, तो वे कहते हैं-‘दैट्स नॉट मी’। वहीं, अगर कोई फिल्म फ्लॉप हो जाती थी, तो मैं उसकी मार्केटिंग करता था।
क्रिमिनल कैंडिडेसी पर सख्त रुख
पुणे में आपराधिक पृष्ठभूमि वाले उम्मीदवारों पर फडणवीस ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि क्या क्रिमिनल्स को टिकट देना जरूरी है? पुणे में 60 लाख लोग रहते हैं। जो लोग कहते हैं ‘कोयटा गैंग खत्म करो’ और पुलिस कमिश्नर से कार्रवाई की मांग करते हैं, वही लोग क्रिमिनल्स को टिकट भी देते थे और उनके समर्थन में बोलते थे। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर ऐसे लोग चुने गए, तो उनकी जगह म्युनिसिपल कॉरपोरेशन नहीं बल्कि जेल होगी।
