Swiss Airline Flight Engine Fail: देश की राजधानी दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट पर रविवार तड़के एक बड़ा विमान हादसा होने से टल गया। दिल्ली से ज्यूरिख (ZRH) जाने वाली स्विस इंटरनेशनल एयरलाइंस (Swiss International Airlines) की उड़ान संख्या LX 147 के इंजन में टेकऑफ के दौरान तकनीकी खराबी आ गई, जिसके बाद एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया और तुरंत 'फुल इमरजेंसी' घोषित कर दी गई। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान 3 यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं।
बड़ा हादसा टला (सांकेतिक चित्र | iStock)
टेकऑफ के दौरान इंजन फेल
जानकारी के अनुसार, घटना तड़के 2 बजे की है। स्विस एयर का विमान रनवे संख्या 28/10 से उड़ान भरने की तैयारी में था। टेकऑफ की प्रक्रिया के दौरान अचानक विमान के बाएं हिस्से से धुआं निकलता देखा गया और दाईं ओर लैंडिंग गियर के पास आग लगने की सूचना मिली। इंजन फेल होने की पुष्टि होते ही पायलट ने सूझबूझ दिखाई और उड़ान रद्द करने का फैसला लिया।
इमरजेंसी स्लाइड्स से निकाले गए 245 लोग
विमान में उस समय 232 यात्री और 13 क्रू मेंबर सवार थे। खतरे की गंभीरता को देखते हुए सभी यात्रियों को इमरजेंसी स्लाइड्स की मदद से विमान से बाहर निकाला गया। दिल्ली एयरपोर्ट ने बताया कि सुरक्षा के सभी निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन किया गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित टर्मिनल पर पहुंचाया गया। स्विस एयरलाइंस ने एक बयान में कहा, “हमें दिल्ली में फ्लाइट LX147 से जुड़ी घटना के बारे में जानकारी है। इसमें शामिल विमान एयरबस A330 (HB-JHK) है। स्विस ने इस मामले के लिए एक टास्क फोर्स बनाई है। विमान में 4 बच्चों समेत 232 यात्री सवार थे। भारत में स्थानीय समयानुसार रात करीब 1 बजे उड़ान भरने के तुरंत बाद एक इंजन में समस्या पैदा हुई। क्रू ने टेकऑफ को रोक दिया और स्थिति का आकलन करने के बाद सावधानी बरतते हुए विमान को खाली कराने का निर्णय लिया।”
निकासी के दौरान 3 यात्री घायल
हालांकि इस सुरक्षित रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान 3 यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि इमरजेंसी स्लाइड से तेजी से उतरते समय उन्हें चोट लगी। घायल यात्रियों को तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया और वर्तमान में उनकी स्थिति स्थिर है।
पिछले 10 दिनों में दूसरा हादसा
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पिछले दस दिनों में दूसरी बड़ी विमान दुर्घटना दर्ज की गई। 16 अप्रैल को स्पाइसजेट और अकासा एयर के विमान आपस में टकरा गए थे। उस समय अकासा एयर का विमान हैदराबाद के लिए रवाना होने की तैयारी में खड़ा था, जबकि लेह से आया स्पाइसजेट का विमान उसी दौरान उससे टकरा गया। टक्कर में स्पाइसजेट के दाहिने पंख का हिस्सा अकासा एयर के पिछले बाएं पंख में फंस गया। घटना के तुरंत बाद एयरपोर्ट स्टाफ ने दोनों विमानों से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सौभाग्य से इस हादसे में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई।
