
Covid New Variant in India: प्रधानमंत्री मोदी ने देश में कोविड-19 की ताजा स्थिति की समीक्षा की
Covid New Variant Cases in India, Covid BF 7 Variant, Omicron XBB Variant Symptoms, Cases in India News: चीन में कोरोना संक्रमण के मौजूदा हालात को देखकर दुनिया के देश डरे हुए हैं। चीन में बढ़े संक्रमण ने सरकारों को अपने यहां कोविड-19 के हालात एवं स्थितियों एवं इससे निपटने की तैयारियों की समीक्षा करने के लिए बाध्य कर दिया है। विश्व भर के स्वास्थ्य विशेषज्ञ मान रहे हैं कि चीन में इस बार कोरोना भीषण रूप लेने जा रहा है। चीन की 90 फीसदी आबादी के संक्रमण के दायरे में आने और लाखों लोगों की मौत होने की आशंका जताई गई है। चीन में ओमीक्रोन का सबवैरिएंट BF.7 कहर बरपा रहा है। पड़ोसी देश में बिगड़े हालात को देख भारत सरकार अलर्ट हो गई है। बुधवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने एक बड़ी बैठक की। बैठक के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि कोरोना अभी खत्म नहीं हुआ है। उन्होंने लोगों से सार्वजनिक जगहों पर मास्क पहनने एवं कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने की अपील की। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों को गाइडलाइन भेजी गई है। महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड सहित कई राज्य सरकारें अपने यहां कोविड प्रबंधन की समीक्षा कर रही हैं।