Bihar Elections 2025: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को आरोप लगाया कि जब तक केंद्र में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाली सरकार सत्ता में है, संविधान खतरे में है और लोगों के अधिकार सुरक्षित नहीं हैं। बिहार के सासाराम में ‘वोटर अधिकार यात्रा’ की शुरुआत के दौरान एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा लोगों के अधिकारों के लिए लड़ती है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (फोटो साभार: @INCIndia)
खरगे ने क्या कुछ कहा?
उन्होंने आरोप लगाया कि जब तक भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार सत्ता में है, संविधान खतरे में है और लोगों के अधिकार सुरक्षित नहीं हैं। वे वोट का अधिकार छीनने की कोशिश कर रहे हैं। निर्वाचन आयोग मोदी सरकार के एजेंट की तरह काम कर रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की तारीफ की और कहा कि वह पिछले 100 साल से देश की सेवा कर रहा है... लेकिन इस संगठन ने अंग्रेजों के साथ काम किया। उन्होंने उन लोगों का समर्थन किया जो भारत की आजादी के खिलाफ थे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा लोगों के अधिकारों के लिए लड़ी है और आगे भी लड़ती रहेगी। खरगे ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में राज्य की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार को जनता ‘‘उखाड़ फेंकेगी’’।
भाजपा पर बरसे राहुल गांधी
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि बिहार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के जरिए ‘‘चुनाव चोरी’’ करने की साजिश की जा रही है, लेकिन विपक्ष ऐसा नहीं होने देगा। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने ‘वोटर अधिकार यात्रा’ की शुरुआत से पहले आयोजित सभा में यह दावा भी किया कि अब सबको पता चल गया है कि पूरे देश में ‘‘वोट की चोरी’’ की जा रही है।
राहुल गांधी ने कहा कि यह संविधान को बचाने की लड़ाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) संविधान को मिटाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने महाराष्ट्र में मतदाताओं की संख्या बढ़ने का फिर से हवाला दिया और दावा किया कि सारे नए मतदाताओं के वोट भाजपा को मिले। राहुल गांधी ने कहा कि इसके बाद बेंगलुरु की महादेवपुरा सीट पर मतदाता सूची के बारे में जानकारी एकत्र की गई।
