Karanpur Constituency Result : कांग्रेस ने राजस्थान की करणपुर सीट जीत ली है। इस उपचुनाव में बीजेपी को बड़ा झटका लगा है। उपचुनाव से पहले भाजपा ने सुरेंद्र पाल सिंह टीटी को मंत्री बनाया था लेकिन उसका यह दांव चल नहीं पाया। पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने कांग्रेस उम्मीदवार रुपिन्दर सिंह कूनर को जीत की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। गहलोत ने X पर अपने पोस्ट में कहा कि 'श्रीकरणपुर में कांग्रेस प्रत्याशी श्री रुपिन्दर सिंह कूनर को जीत की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। यह जीत स्व. गुरमीत सिंह कुन्नर के जनसेवा कार्यों को समर्पित है। श्रीकरणपुर की जनता ने भारतीय जनता पार्टी के अभिमान को हराया है। चुनाव के बीच प्रत्याशी को मंत्री बनाकर आचार संहिता और नैतिकता की धज्जियां उड़ाने वाली भाजपा को जनता ने सबक सिखाया है।
कूनर ने टीटी को 12 हजार वोटों के अंतर से हराया
बता दें कि दिसंबर महीने चुनाव प्रचार के दौरान इस सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार और तत्कालीन विधायक गुरमीत सिंह कूनर का निधन हो गया। इसके बाद इस सीट पर मतदान टाल दिया गया। 25 नवंबर को राजस्थान की 199 सीटों पर वोटिंग हुई। इस चुनाव में भाजपा को 115 सीटों पर जीत मिली। कांग्रेस ने कूनर के बेटे रूपिंदर सिंह को इस सीट से मैदान में उतारा। कूनर ने टीटी को करीब 12 हजार वोटों के अंतर से हराया है।पहले सियासी इम्तिहान में BJP को हार मिली
राजस्थान में सरकार बनने के बाद बीजेपी को पहले ही सियासी इम्तिहान में हार मिली। माना जा रहा है कि कांग्रेस प्रत्याशी को अपने पिता के प्रति सहानुभूति की लहर मिली है। हालांकि, चुनाव प्रचार में सीएम भजनलाल शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, राजेंद्र राठौड़ ,सतीश पूनिया सहित तमाम दिग्गज नेताओं ने अपनी ताकत झोंकी थी।
