Vietnam Boat Accident: कांग्रेस ने शनिवार को विदेश मंत्रालय से आग्रह किया कि वियतनाम के फू क्वोक द्वीप के निकट नाव पलटने की घटना में लापता भारतीय पर्यटकों के परिजन को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।
दुर्घटनाग्रस्त नाव की खबर बेहद पीड़ादायक
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि इस दर्दनाक हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले सभी परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। जो लोग अभी भी लापता हैं, उनके सुरक्षित मिलने की कामना करता हूं। इस कठिन समय में उनके परिवार जिस असहनीय पीड़ा और अनिश्चितता से गुजर रहे हैं, मेरी संवेदनाएं उनके साथ हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि मैं भारत सरकार और विदेश मंत्रालय से आग्रह करता हूं कि वे वियतनाम की सरकार और स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार समन्वय बनाए रखें, ताकि चल रहे राहत एवं बचाव अभियान में कोई कमी न रहे। साथ ही, प्रभावित भारतीय नागरिकों और उनके परिवारों को हरसंभव सहायता और आवश्यक सहयोग तुरंत उपलब्ध कराया जाए।
'हम लापता पर्यटकों के परिजनों के साथ'
कांग्रेस के मीडिया एवं प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि वियतनाम में भारतीय दूतावास ने उस नाव पर सवार 32 भारतीय पर्यटकों के नाम जारी किए हैं, जो कुछ घंटे पहले फु क्वोक द्वीप के निकट पलट गई थी। उन्होंने कहा कि घटना से जुड़ी और जानकारी का इंतजार है तथा जिन भारतीय पर्यटकों का अब तक पता नहीं चल सका है, उनके परिजनों को विदेश मंत्रालय हरसंभव सहायता उपलब्ध कराए। खेड़ा ने कहा, " हम लापता भारतीय पर्यटकों के परिजनों के साथ खड़े हैं तथा पर्यटकों को सुरक्षित होने की कामना करते हैं।"
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: वियतनाम में दुर्घटनाग्रस्त हुई नाव में कौन-कौन था सवार? 15 लोगों ने गंवाई अपनी जान; यहां देखें पूरी लिस्ट
नाव हादसे में 15 लोगों की मौत
वियतनाम में फू क्वोक द्वीप के पास शनिवार को एक नाव के पलट जाने से भारतीय पर्यटकों समेत 15 लोगों की मौत हो गई। स्थानीय मीडिया ने यह खबर दी है।वियतनामी न्यूज पोर्टल 'वीएन एक्सप्रेस इंटरनेशनल' के अनुसार, एक 'स्पीडबोट' 32 भारतीय पर्यटकों और चालक दल के चार सदस्यों को लेकर 'होन मे रुट' से 'एन थोई पोर्ट' जा रही थी, तभी 'होन मे रुट न्गोई' से लगभग 400 मीटर दूर वह पलट गई, जिससे उसमें सवार सभी लोग समुद्र में गिर गए।
