Punjab Assembly Elections: भाजपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने दोनों नेताओं से अलग-अलग मुलाकात की।
यह मुलाकात ऐसे समय पर हुई जब ऐसी अटकलें लगाई जा रही थीं कि कैप्टन अमरिंदर सिंह की पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में वापसी हो सकती है। हालांकि, उनकी इस मुलाकात से ऐसी अटकलों पर फौरी तौर पर विराम लग गया।
अमित शाह से मिले कैप्टन अमरिंदर
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की तस्वीरें शेयर कीं। साथ ही कहा, ''आज नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी के साथ मीटिंग हुई और पंजाब से जुड़े अलग-अलग मुद्दों पर चर्चा हुई।'' रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री के साथ उनकी बैठक काफी समय से लंबित थी।
नाराजगी के बीच भाजपा नेताओं से मिले कैप्टन अमरिंदर
84 वर्षीय कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अमित शाह के अलावा जेपी नड्डा से भी मुलाकात की। सनद रहे कि साल 2021 में कांग्रेस छोड़ने वाले अमरिंदर सिंह की नाखुशी की चर्चा तब और बढ़ गई जब उन्होंने केवल सिंह ढिल्लों को पंजाब भाजपा अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनसे इस बारे में सलाह नहीं ली गई थी।
हालांकि, भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता प्रीतपाल सिंह बलियावाल ने शुक्रवार को उन अफवाहों को खारिज कर दिया कि अमरिंदर सिंह पाला बदलकर कांग्रेस में वापस लौट सकते हैं।
क्यों नाराज हुए कैप्टन अमरिंदर सिंह
पंजाब के दो बार मुख्यमंत्री रह चुके कैप्टन अमरिंदर सिंह ने 2027 के विधानसभा चुनावों से कुछ महीने पहले 76 वर्षीय ढिल्लों को पंजाब भाजपा की बागडोर सौंपे जाने पर खुलकर अपनी आपत्ति व्यक्त की। अमरिंदर सिंह की तरह ढिल्लों भी 2022 में भाजपा में शामिल होने से पहले लंबे समय तक कांग्रेस में रहे।
